
खबर गया के बांके बाजार की है जहां एक लड़की ने लड़के पर शादी का झांसा देकर 3 साल से यौन शोषण करने की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई है। पीड़िता ने आवेदन में कहा है कि 3 साल पहले बांके बाजार के मोहित खत्री से मुलाकात हुई थी। ये मुलाकात दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया। मोहित खत्री ने उसे शादी का भरोसा देकर उससे शारीरिक संबंध बना लिए। इसी बीच पीड़िता शादी के लिए कहती तो मोहित उसे कुछ दिन रुकने के लिए कहता। इसी दरम्यान पीड़िता दो बार गर्भवती हुई और मोहित ने जल्द ही शादी की बात कह कर गर्भपात करा दिए। अब वो तीसरी बार गर्भवती हुई तो उसने मोहित पर शादी का दबाव डाला तो मोहित ने इनकार कर दिया।
पीड़िता 6 महीने की गर्भवती है और मोहित के परिजन उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं गर्भपात कराने का दबाव डाल रहे हैं। लड़की का कहना है कि उसके परिजनों ने मोहित के परिवार से शादी की बात की तो उन्होंने इनकार कर दिया। साथ ही लड़की ने ये भी कहा है कि उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो जो मोहित के पास हैं उसे वो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
उधर लड़के के पिता प्रमोद खत्री का कहना है कि लड़की बेबुनियाद आरोप लगाकर मेरे बेटे को पैसे के लिए फंसा रही है। लड़की दुकान में आया करती थी, जहां वो मेरे बेटे के संपर्क में आयी। दोनों के बीच सिर्फ दोस्ती है प्यार नहीं। यौन शोषण का आरोप भी झूठा है। लड़की पहले से शादीशुदा है और उसे 11 साल का बच्चा भी है।
पीड़िता के आवेदन पर बांके बाजार थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने मोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और लड़की को DNA टेस्ट के लिए मगध मेडिकल कॉलेज और साथ ही कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए गया भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










