सड़क सुरक्षा, भूमि विवाद के मामलों के त्वरित निष्पादन, महाशिवरात्रि पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन तथा शराबबंदी कानून को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों को मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित करने का दिशा निर्देश दिया।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर, ब्लैक स्पॉट चिन्हित
बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपायों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि कई सड़कों पर दुर्घटना संभावित कई ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से इन स्थलों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा सड़कों के किनारे स्थित स्कूलों एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर युक्त साइनेज, हाई मास्ट लाइट, फुट ओवर ब्रिज आदि का निर्माण की बात की गई। लेकिन मुजफ्फरपुर स्मार्टसिटी घोषित, गांवों का शहर है। कई बार यातायात पर जागरूकता अभियान चलाए गए, मानता कौन है। एक अधिकारी से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि शहर के अंदर वाहनों की जांच इसलिए नहीं होती कि जाम लग जाएगा। अन्यथा तो कई वाहन चोरी के नंबर प्लेट से शहर के अंदर चल रहे हैं।
मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूकता
बैठक में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। सदर अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र के संचालन को नियमित रूप से कार्यरत रखने तथा वहां आने वाले लाभार्थियों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
महाशिवरात्रि को लेकर व्यापक तैयारी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया।

आपको बता दें कि महाशिवरात्रि के दिन बाबा गरीब नाथ मंदिर सहित जिले के विभिन्न शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है तथा कई स्थानों पर जुलूस निकाले जाते हैं। जिलाधिकारी ने थाना स्तर पर जुलूसों की समीक्षा करने तथा प्रत्येक जुलूस की पूर्व अनुमति, रूट चार्ट एवं समय-सीमा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
भूमि विवाद मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश
भूमि विवाद से संबंधित मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए प्रत्येक शनिवार को थानाध्यक्ष अपने संबंधित अंचल कार्यालय में जाकर संयुक्त सुनवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आवेदनों को गृह विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रविष्टि करने तथा माहवार रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।
समन्वित कार्रवाई पर बल
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ दायित्व निर्वहन करने तथा प्रत्येक क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

