Muzaffarpur Crime डबल मर्डर से सनसनी: रिटायर्ड बैंक कर्मी और पत्नी की हत्या, पुलिस जांच में जुटी शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग चौड़ी इलाके में सोमवार को हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुमार और उनकी पत्नी की उनके घर में हत्या कर दी गई।
शुरुआती सूचना में गोली मारकर हत्या की बात सामने आई थी, लेकिन घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार दोनों की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या किस हथियार से की गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस, वरीय पुलिस अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, लूटपाट और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और हत्या के तरीके को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
नोट: यह खबर प्रारंभिक सूचना के आधार पर तैयार की गई है। विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के उपरांत जो जानकारी साझा की जाएगी तब ही सारे तथ्यों का खुलासा हो सकता है।








