मुजफ्फरपुर: साहेबगंज में नुक्कड़ नाटक के जरिए वित्तीय साक्षरता का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad
Advertisements

ग्रामीणों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने की दी गई जानकारी

साहेबगंज/मुजफ्फरपुर(खबर जिन्दगी): ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को पहुंचाने और लोगों को पैसे को सुरक्षित करने को लेकर मुजफ्फरपुर के साहेबगंज प्रखंड में जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान “दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड” के सौजन्य से आयोजित किया गया था। इसमें बैंक के द्वारा एक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वित्तीय साक्षरता का संदेश दिया गया।

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, गीत और अभिनय के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, बचत, बीमा योजनाओं और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

साहेबगंज के छह स्थानों पर चला अभियान

बैंक की ओर से साहेबगंज प्रखंड के विशुनपुरपट्टी, जगदीशपुर, नीरपुर, गौड़ा, रुपछपड़ा और दुर्गा चौक में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित वित्तीय लेन-देन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि बैंकिंग सेवाओं की सही जानकारी होने से वे अपनी बचत को बेहतर तरीके से उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा अकस्मात आने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के जोखिम को भी कम किया जा सकता है।

गांव के पास के चौक पर मिलेगी बैंकिंग सुविधाएं

Advertisements
Advertisements
Advertisements

जागरूकता अभियान के दौरान पैक्स कार्यालयों के माध्यम से माइक्रो एटीएम और अन्य बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई। इन सुविधाओं से ग्रामीणों को नकद निकासी, खाते में शेष राशि की जानकारी और मिनी स्टेटमेंट जैसी बैंकिंग सेवाएं प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। इससे छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

नुक्कड़ नाटक कर बताया गया धोखाधड़ी से बचने का तरीका

कार्यक्रम में श्री राजश्री इंटरप्राइजेज, फुलवारीशरीफ, पटना के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को समझाया गया कि अनजान व्यक्तियों पर भरोसा करके बैंकिंग जानकारी साझा करना नुकसानदायक हो सकता है। कलाकार संजय कुमार यादव, सुनील कुमार, महावीर साह, कृष्णा भगत और कुमकुम भारती ने गीत एवं अभिनय के जरिए वित्तीय धोखाधड़ी से बचने और सतर्क रहने का संदेश दिया।

बचत और बीमा भविष्य का आधार

बैंक के जिला प्रबंध निदेशक संतोष कुमार ने नियमित बचत की आदत अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी बचत भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सहायक हो सकती है। उन्होंने लोगों को अपनी परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार बीमा योजना अपनाने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

केंद्र की अटल पेंशन योजना की दी गई जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम में अटल पेंशन योजना के बारे में भी ग्रामीणों को बताया गया। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थी निर्धारित अंशदान के आधार पर 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। 18 से 40 वर्ष की आयु के व्यक्ति योजना में शामिल हो सकते हैं। पेंशन की राशि और अंशदान लाभार्थी की प्रवेश आयु तथा चुने गए विकल्प पर निर्भर करते हैं।

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा और जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के बारे में भी जागरूक किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) को लेकर ग्रामीणों को बताया गया कि यह दुर्घटना बीमा योजना है। 18 से 70 वर्ष की आयु के व्यक्ति इसमें शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। इसका वार्षिक प्रीमियम सामान्यतः 20 रुपये है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के बारे में बताया गया जिसमें 18 से 50 वर्ष की आयु के व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। इसके तहत 2 लाख रुपए का बीमा कवर मिलता है। बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर मृतक के नॉमिनी को 2 लाख रुपये की बीमा कवर की राशि मिलती है। इसका वार्षिक प्रीमियम सामान्यतः 436 रुपये से शुरू होता है।

OTP, PIN और पासवर्ड को लेकर दी है जानकारी

डिजिटल बैंकिंग को सुरक्षित बनाने के लिए ग्रामीणों को अनेक तरह की सावधानियां बताई गईं। उन्हें सलाह दी गई कि वे अपनी बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखें और अनजान व्यक्तियों के साथ खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करे।

ग्रामीणों को बताया गया कि वह अपना OTP, ATM PIN और बैंकिंग पासवर्ड किसी को न बताएं।

UPI PIN और अन्य गोपनीय बैंकिंग विवरण सुरक्षित रखें।

Android मोबाइल पर आए हुए अनजान या संदिग्ध लिंक पर ध्यान न दे और न ही क्लिक करें।

फर्जी SMS, WhatsApp संदेश और संदिग्ध फोन कॉल से सतर्क रहें।

किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग ऐप या स्क्रीन-शेयरिंग ऐप इंस्टॉल न करें।

किसी संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें और जरूरत पड़ने पर साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

वित्तीय साक्षरता शिविर के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को बचत, बीमा, पेंशन तथा सुरक्षित बैंकिंग के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संदेश था कि वित्तीय सेवाओं की जानकारी और सतर्कता से लोग अपने पैसों की सुरक्षा बेहतर तरीके से कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements