लाभुकों को भूखा रख पीडीएस के अनाज की हो गई कालाबाजारी… दुकानदारों के ऊपर खाद्यान्न गबन की प्राथमिकी दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जन वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न गबन के गंभीर आरोपों में रामनगर प्रखंड के 7 जन वितरण दुकानदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में अनुमंडल प्रशासन, बगहा ने कड़ा कदम उठाया है। इन सभी पर लाभुकों को अनाज वितरण किए बिना सरकारी खाद्यान्न का गबन करने का आरोप है।

बगहा के अनुमंडल पदाधिकारी, गौरव कुमार ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर रामनगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जांच में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने लिखा कि संबंधित विक्रेताओं ने अनाज का उठाव तो किया। लेकिन पात्र लाभुकों को वितरण नहीं किया। इस तरह लाखों रुपये मूल्य के अनाज की कालाबाजारी कर दी गई है।

लाइसेंस रद्द फिर भी उठाए अनाज


जिसमें डैनमरवा पंचायत के डीलर रामचंद्र राम ने 107 क्विंटल, नगर परिषद क्षेत्र के डीलर मनोज केसरी ने 526 क्विंटल,सोहसा पंचायत के डीलर प्रभु पडित ने 688 क्विंटल,तौलाहा पंचायत के डीलर आवाज किशन राव ने 432 क्विंटल, नगर परिषद क्षेत्र के डीलर एजाज अहमद ने 274 क्विंटल,डैनमरवा पंचायत के ही डीलर महबूब आलम ने 850 क्विंटल तथा तौलाहा पंचायत के डीलर संजीव कुमार राव ने 421 क्विंटल पीडीएस का खाद्यान्न गबन कर लिया है। जबकि इन सभी विक्रेताओं के लाइसेंस पहले ही रद्द किए जा चुके थे।

जांच में खाद्यान्न वितरण में व्यापक अनियमितता की पुष्टि होने के बाद अब उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू की गई है।उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और गबन की राशि की वसूली भी की जाएगी।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें