मुजफ्फरपुर: गैस पाइपलाइन ब्लास्ट से मचा हड़कंप, स्कूल के कई बच्चे बेहोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुजफ्फरपुर: जिले के मुशहरी प्रखंड स्थित रोहुआ हाई स्कूल के पास शुक्रवार को गैस पाइपलाइन में हुए ब्लास्ट और गैस रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान स्कूल में मौजूद कई छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराहट और गैस के प्रभाव से दर्जनों बच्चे बेहोश हो गए, जिसके बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बेहोश हुए सभी बच्चों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मुशहरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाला निर्माण कार्य के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस रिसाव हुआ, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया और गैस सप्लाई बंद कर पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें