बिहार से CITIIS 2.0 परियोजना के लिए मुज़फ्फरपुर का चयन.. समस्याओं के लिए शिकायत निवारण समिति का गठन
मुज़फ्फरपुर: शहर को स्वच्छ, कचरा मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में मुज़फ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने CITIIS 2.0 परियोजना को लेकर एक बैठक आयोजित की। स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई इस बैठक में परियोजना के उद्देश्यों, जनभागीदारी, पर्यावरण एवं सामाजिक पहलुओं के साथ-साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर निर्मला साहू ने कहा कि बिहार से CITIIS 2.0 परियोजना के लिए केवल मुज़फ्फरपुर का चयन होना पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग देगा। महापौर ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
https://www.facebook.com/share/v/14mJJNrYtGR/
उपमहापौर डॉ. मोनालिसा ने कहा कि शिकायत निवारण समिति के गठन से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित होगा, जिससे परियोजना के प्रति नागरिकों का विश्वास और जनसहभागिता दोनों मजबूत होंगे। साथ ही सावन में भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने और समस्या उत्पन्न नहीं हो इस पर भी अपनी बात रखी।
पब्लिक एंगेजमेंट ऑफिसर कौशल कुमार सिन्हा ने कहा कि CITIIS 2.0 की सफलता में नागरिकों की भागीदारी सबसे अहम है। उन्होंने बताया कि परियोजना से जुड़े सभी हितधारकों के सुझावों और शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए मजबूत शिकायत निवारण व्यवस्था तैयार की गई है।
शिकायत निवारण समिति का गठन
गठित समिति के अध्यक्ष नगर आयुक्त रितुराज प्रताप सिंह होंगे। जबकि संयोजक सिद्धांत कुमार (ईएसएनओ) होंगे। वहीं कौशल कुमार सिन्हा (पब्लिक एंगेजमेंट ऑफिसर) शिकायत प्रबंधन नोडल पदाधिकारी के तौर पर नामित हुए। समिति के अन्य सदस्यों में महापौर निर्मला साहू, उपमहापौर डॉ. मोनालिसा, उप नगर आयुक्त सुश्री स्वरा, टाउन प्लानर आध्या कुँवर तथा प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अभिषेक रमन शामिल हैं।
बैठक में नगर निगम, मुज़फ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं तथा परियोजना के पर्यावरण एवं सामाजिक सलाहकार एनके एनवायरो की टीम के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।









