पारू थाना में केस दर्ज, नौकरी के दौरान वारदात का आरोप; शिकायत में भाइयों को गोली मरवाने की धमकी देने का भी जिक्र
मुजफ्फरपुर: जिले के पारू प्रखंड क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक निजी मॉल में काम करने वाली 19 वर्षीय युवती ने मॉल संचालक पर नौकरी के दौरान दुष्कर्म करने और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पारू थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, वह आर्थिक तंगी के कारण बाजितपुर चौक स्थित एक निजी मॉल में काम करती थी। आरोप है कि 10 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच मॉल संचालक राजन चौधरी ने उसे ऊपर की मंजिल से पानी लाने के बहाने भेजा। जब वह ऊपर पहुंची तो आरोपी भी पीछे-पीछे आया और एक कमरे में ले जाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया या पुलिस में शिकायत की, तो उसके दोनों भाइयों को गोली मरवा देगा। इस धमकी और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण पीड़िता कई दिनों तक डरी-सहमी रही और किसी को कुछ नहीं बता सकी। बाद में 12 जुलाई को उसने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़िता और आरोपी एक ही गांव के स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़िता और आरोपी दोनों बाजितपुर गांव के रहने वाले हैं तथा पड़ोसी भी हैं। आरोप है कि इसी परिचय और विश्वास का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर पारू थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस का पक्ष:
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
नोट: यह खबर पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपी का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस जांच जारी है और अंतिम सत्य जांच व न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।









