
1942 में मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाने पर तिरंगा फहराने के दौरान छकौड़ी लाल साह, अनुराग सिंह और योद्धा सिंह हुए थे शहीद
तीनों योद्धाओं के नाम पर रेलवे स्टेशन का रखा जाएगा नाम: राज भूषण चौधरी, मुजफ्फरपुर सांसद व केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री

मुजफ्फरपुर (खबर जिन्दगी): पारू प्रखंड के मगुरहिया चौक स्थित अमर शहीद छकौड़ी लाल साह स्मारक पर शुक्रवार को शहादत दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्मारक समिति के अध्यक्ष साहू भूपाल भारती ने की। समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान शहीद हुए छकौड़ी लाल साह, अनुराग सिंह और योद्धा सिंह को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि 22 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के आह्वान पर अंग्रेजी शासन के खिलाफ पारू थाना पर तिरंगा फहराने के प्रयास के दौरान छकौड़ी लाल साह, अनुराग सिंह और योद्धा सिंह शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद भी इन स्वतंत्रता सेनानियों को आधिकारिक शहीद का दर्जा नहीं मिलना चिंता का विषय है।

डॉ. राज भूषण चौधरी ने कहा कि वे इस मामले को भारत सरकार के समक्ष उठाएंगे और शहीदों को उचित सम्मान दिलाने के लिए पत्र लिखेंगे। उन्होंने तीनों स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रेलवे स्टेशन के नामकरण की दिशा में भी पहल करने की बात कही।

बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शहीदों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

समारोह में स्थानीय विधायक शंकर प्रसाद यादव, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद बंसीधर ब्रजवासी, पूर्व मंत्री बसावन भक्त, पूर्व विधायक अशोक सिंह, पूर्व मंत्री इजरायल मंसुरी, मुजफ्फरपुर जिला भाजपा अध्यक्ष विवेक कुमार, पूर्व विधान पार्षद गणेश भारती, रेनू देवी, प्रमुख प्रेम कुमार गुप्ता, जिला पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। आगंतुक अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और तिरंगा पाग पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष के दौरान शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर शहीदों के परिजनों का भी सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शहीद छकौड़ी लाल साह के पौत्र गोविंद साह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

मगुरहिया स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम के बाद अतिथियों और अन्य लोगों ने पारू स्थित स्मारक पर पहुंचकर भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के दौरान स्वतंत्रता आंदोलन में पारू क्षेत्र के योगदान और स्थानीय शहीदों की स्मृति को संरक्षित रखने पर जोर दिया गया।










