मुजफ्फरपुर: बिहार बाल भवन किलकारी में आयोजित हुआ ‘बचवन के परब’; बच्चों के नाटक मंचन ने मोह मन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad
Advertisements

शादी संस्कार के बच्चों के भावुक अभिनय मंचन ने बटोरी तालियां; कथक, भरतनाट्यम और नाटक की रही धूम

मुजफ्फरपुर | 22 नवंबर 2026 | रविवार
मुजफ्फरपुर में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। बिहार बाल भवन ‘किलकारी’, पानी टंकी चौक स्थित परिसर में रविवार को ‘बचवन के परब’ सह स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने नृत्य, संगीत, नाटक, चित्रकला और मार्शल आर्ट के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद किलकारी के बच्चों ने तिलक लगाकर और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इस आयोजन में विवाह गीतों पर बच्चों के भावुक अभिनय मंचन को सबसे ज्यादा सराहा गया। इस मंचन के दौरान कई दर्शकों की आंखे तक नम हो गई। इस प्रस्तुति का पूरा वीडियो आप “Khabar Jindagi” के यूट्यूब चैनल और facebook Page पेज पर देख सकते हैं।

कला से बच्चों को मिलती है अलग पहचान: डीपीओ

Advertisements
Advertisements
Advertisements

समारोह को संबोधित करते हुए डीपीओ आयुष कुमार ने कहा कि कला समाज में अलग पहचान और सम्मान दिलाने का माध्यम है। बच्चों को लगातार सीखते हुए अपने कौशल को विकसित करना चाहिए, ताकि वे भविष्य में अपने-अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ बन सकें।

उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही उनके भावनात्मक और सामाजिक विकास को भी मजबूती मिलती है।

13 वर्षों से बच्चों की प्रतिभा निखार रहा ‘किलकारी‘

अतिथियों का स्वागत प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा 8 से 16 वर्ष तक के बच्चों के सृजनात्मक विकास के उद्देश्य से किलकारी की स्थापना की गई है। संस्था पिछले 13 वर्षों से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें रचनात्मक मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि किलकारी में बच्चों को संगीत, चित्रकला, मिथिला चित्रकला, हस्तकला, नृत्य, कराटे, कबड्डी, खो-खो, नाट्य और कंप्यूटर सहित विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए समय-समय पर प्रतियोगिताओं का आयोजन और बच्चों के कलाकृतियों की प्रदर्शनी और उनकी प्रस्तुतियों के लिए मंच भी उपलब्ध कराया जाता है।

स्थापना दिवस समारोह में प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गणेश वंदना पर कथक नृत्य, गिटार-बॉलीवुड मैशअप, भरतनाट्यम, भजन मैशअप और संस्कार गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

इसके अलावा स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण पर आधारित नाटक तथा कराटे के जरिए टाइल ब्रेकिंग का प्रदर्शन भी किया गया। बच्चों ने आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन कर अपनी प्रशिक्षण क्षमता का परिचय दिया।

मधुबनी पेंटिंग और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी बनी आकर्षण

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ परिसर में बच्चों द्वारा तैयार आर्ट एंड क्राफ्ट, मधुबनी पेंटिंग और पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। गीता पाठ और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों ने समारोह को अलग पहचान दी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा बज्जिका भाषा में किया गया मंच संचालन रहा। स्थानीय भाषा में बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

19 विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने लिया हिस्सा

समारोह में जिला स्कूल, सरस्वती विद्या निकेतन, बीबी कॉलेजिएट उच्च विद्यालय, मदर टेरेसा विद्यापीठ, हरिहर नारायण बालिका मध्य विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय मिठनपुरा हिंदी, आदर्श मध्य विद्यालय कल्याणी, एसडीकेडी आर्य कन्या मध्य विद्यालय, राजकीय मारवाड़ी मध्य विद्यालय, विश्व भारती स्कूल सहित जिले के कुल 19 विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने भाग लिया।

इनमें राजकीय मध्य विद्यालय उर्दू पक्की सराय, राजकीय मध्य विद्यालय हिंदी पक्की सराय, शुभम विकलांग विकास संस्थान केंद्र, राजकीय मध्य विद्यालय बहलखाना, अंबेडकर आवासीय बालिका उच्च विद्यालय, राजकीय चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय, एमएसकेबी उच्च विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय रोहुआ और राजकीय हाई स्कूल रोहुआ के बच्चे भी शामिल रहे।

अतिथियों और प्रशिक्षकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में डॉ. ए.के. दास, डॉ. प्रियंका त्रिपाठी और प्रोफेसर सोनू सरकार सहित बिहार बाल भवन किलकारी के प्रशिक्षक एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

मंच संचालन आदित्य, आनन्या, मान्या श्री और श्रेया ने किया, जबकि मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी इंद्रजीत कुमार ने संभाली। अंत में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी गुलशन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

समारोह ने यह संदेश दिया कि बच्चों को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे अपनी प्रतिभा से समाज और संस्कृति को नई पहचान दे सकते हैं। ‘बचवन के परब’ बच्चों की इसी रचनात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का उत्सव बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ready for a more memorable dating experience? Explore luxury dating to meet people who share your interests, lifestyle, and appetite for a genuine connection.
A well-designed dating site helps compatible people connect through shared interests, making sugar dating more enjoyable and likely to lead to meaningful conversations.