मुजफ्फरपुर: चार साल में 4 कदम बना 18 मीटर लंबा पुल; शहिला बल्ली-हथौड़ी सड़क का है मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

149.267 लाख की लागत से बन रहे पुल का 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का मिला आश्वासन

मुजफ्फरपुर: जिले के नरमा गांव में शहिला बल्ली से नरमा होते हुए हथौड़ी जाने वाली सड़क पर वर्षों से निर्माणाधीन पुल को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन मिला है। 2022 से बन रहा यह 18 मीटर लंबा पुल पिछले 4 साल में मात्र कुछ ही मीटर बन पाया है। जबकि इसे 2025 में ही पूरा किया जाना था।

शिकायतकर्ता और आरटीआई कार्यकर्ता अमरेन्द्र कुमार के अनुसार, शहिला बल्ली-हथौड़ी पुल का निर्माण कार्य करीब चार वर्षों से लंबित है। उनका कहना है कि 149.267 की लागत से बन रहे उक्त पुल की निर्माण की निर्धारित अंतिम तिथि वर्ष 2025 थी। लेकिन समय सीमा बीतने के 6 महीने बाद भी पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।

मंत्रिमंडल सचिवालय तक पहुंची शिकायत

स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए अमरेन्द्र कुमार ने मामले को राज्यस्तरीय सहयोग पोर्टल (RTMS) के माध्यम से मंत्रिमंडल सचिवालय के समक्ष उठाया। इसके बाद मंत्रिमंडल सचिवालय ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से मामले की जांच कराने को लेकर पत्र लिखा।

जिसके बाद कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, मुजफ्फरपुर पूर्वी-2 ने ग्रामीण कार्य विभाग से जांच कराया। जिसके बाद जांच प्रतिवेदन मंत्रिमंडल सचिवालय को भेज दिया गया। इस प्रतिवेदन में कहा गया कि उक्त पुल पर SQM के द्वारा ATR लगने के कारण कार्य में विलंब हुआ जिसका निराकरण करा दिया गया है। इस संबंध में संबंधित संवेदक को दिनांक 31 मार्च 2027 तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।

काम शुरू नहीं होने पर दी गई आंदोलन की चेतावनी

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुल निर्माण में देरी के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित एजेंसी रेडिक्स टेक्नोलॉजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अगले सप्ताह तक पुल का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं होता है, तो ग्रामीणों के साथ निर्माण स्थल के पास आंदोलन किया जाएगा।

भुगतान के बावजूद काम बंद

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण एजेंसी रेडिक्स टेक्नोलॉजी को भुगतान कर दिया गया है इस के बावजूद पुल का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने संबंधित एजेंसी की कार्यप्रणाली की भी  जांच कराने की मांग की है। और अगर नियमों का उल्लंघन किया गया है उस स्थिति में कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है।

हालांकि, कंपनी की तरफ से इस आपत्ति पर जवाब लेने की कोशिश की गई लेकिन उनकी तरफ से जवाब देने की कोई कोशिश नहीं की गई है।

ग्रामीणों में आश्वासन के बाद उत्साह

ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो और तय समय सीमा 31 मार्च 2027 तक पुल को उपयोग के लिए तैयार किया जाए। इस दौरान लोजपा नेता सह पंचायत समिति सदस्य अनिल झा, अबिनाश झा, अरुण पासवान, रामजीवन राय, मुन्ना राय, रामदेव राय, पैक्स अध्यक्ष नानटुन सिंह, मुखिया मनीष शाही, राजमंगल सहनी, रामसभित पासवान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements