मुजफ्फरपुर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी का भी संभालेंगे प्रभार
मुजफ्फरपुर: राज्य सरकार ने जनसंपर्क विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए श्री लोकेश कुमार झा को तिरहुत प्रमंडल के उपनिदेशक (जनसंपर्क) के पद पर नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ), मुजफ्फरपुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
श्री झा के पास अब तिरहुत प्रमंडल स्तर पर जनसंपर्क गतिविधियों के संचालन के साथ-साथ मुजफ्फरपुर जिले में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार की भी जिम्मेदारी होगी। इसके पहले ये पटना में पदस्थापित थे। ये मुजफ्फरपुर में प्रमोद कुमार की जगह लेंगे, जिनका ट्रांसफर अब पटना कर दिया गया है।
प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में जनसंपर्क विभाग की कार्यशैली और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी होगी।









