सामा-चकेवा पर्व: मिथिला में गूंजेंगे पारंपरिक लोकगीत; भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad
Advertisements

बिहार के महापर्व छठ के पारण के दिन से शुरू होता है यह उत्सव

बिहार में लोकसंस्कृति और पारिवारिक रिश्तों की अनूठी परंपरा का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व 16 नवंबर से शुरू हो रहा है। छठ महापर्व के पारण के बाद शुरू होने वाली यह परंपरा कार्तिक पूर्णिमा की रात सामा के विसर्जन के साथ संपन्न होगी। जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी

मुजफ्फरपुर: बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति में कई ऐसे पर्व हैं, जो केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक परंपराओं को भी मजबूत बनाते हैं। इन्हीं में एक महत्वपूर्ण लोकपर्व है सामा-चकेवा। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अटूट विश्वास का प्रतीक यह पर्व मिथिलांचल सहित बिहार के कई क्षेत्रों में उत्साह के साथ मनाया जाता है।

पंडित प्रभात मिश्र के अनुसार, सामा-चकेवा की शुरुआत छठ महापर्व के पारण के दिन से हो जाती है। इसके बाद महिलाएं अपने-अपने घरों में इस लोकपर्व की परंपराओं का निर्वहन शुरू करती हैं।

Advertisements
Advertisements
Advertisements

मिट्टी की प्रतिमाओं से सजता है आंगन

सामा-चकेवा पर्व में मिट्टी से बनी विभिन्न आकृतियों का विशेष महत्व होता है। इनमें सामा, चकेवा, वृंदावन, चुगला, सतभैया, पेटी और पेटार सहित कई पारंपरिक आकृतियां शामिल होती हैं। महिलाएं इन प्रतिमाओं को सजाकर प्रतिदिन रात में घर के आंगन में एकत्रित होती हैं और पारंपरिक तरीके से सामा-चकेवा खेलती हैं।

रात में सामा-चकेवा खेल से सजता है आंगन

इस पर्व की सबसे आकर्षक विशेषता इसके पारंपरिक सामा-चकेवा खेल और लोकगीत हैं। महिलाएं सामूहिक रूप से भगवती गीत, ब्राह्मण गीत और अन्य पारंपरिक गीत गाती हैं। पर्व के अंतिम चरण में बेटी की विदाई से जुड़ा भावुक समदाउन गीत गाया जाता है।

इन गीतों में पारिवारिक रिश्तों, भाई-बहन के स्नेह और बेटियों के प्रति अपनापन झलकता है। यही वजह है कि सामा-चकेवा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति की जीवंत पहचान भी है।

क्या है सामा-चकेवा की पौराणिक मान्यता?

फलित दर्शन ज्योतिष केंद्र, मुजफ्फरपुर के ज्योतिष मर्मज्ञ- पंडित प्रभात मिश्र के अनुसार, सामा-चकेवा से जुड़ी एक प्रचलित लोककथा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा और उनके भाई चकेवा के प्रेम पर आधारित है।

इनके अनुसार, सामा प्रतिदिन वृंदावन के जंगल में ऋषि-मुनियों के आश्रम में जाया करती थीं और वहां पक्षियों की देखभाल करती थीं। चुगला नामक व्यक्ति ने भगवान श्रीकृष्ण के सामने सामा के बारे में गलत बातें कहीं। इससे नाराज होकर भगवान श्रीकृष्ण ने सामा को पक्षी बन जाने का श्राप दे दिया।

जब सामा के भाई चकेवा को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी बहन को श्राप से मुक्त कराने के लिए तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने वरदान मांगने को कहा। चकेवा ने अपनी बहन को फिर से पूर्व स्वरूप में लौटाने का वरदान मांगा।

लोककथा में भाई के इस त्याग और समर्पण को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इसी मान्यता के आधार पर बहनें सामा-चकेवा के अवसर पर अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

कार्तिक पूर्णिमा की रात होता है विसर्जन

सामा-चकेवा उत्सव का समापन कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है। कार्तिक पूर्णिमा की रात सामा का विसर्जन किया जाता है। इस अवसर पर महिलाओं के साथ परिवार के पुरुष सदस्य भी शामिल होते हैं। इसके साथ ही छठ पर्व के पारण से शुरू हुआ यह पारंपरिक लोकपर्व का समापन कार्तिक पूर्णिमा को हो जाता है।

समय के साथ सामाजिक जीवन और रहन-सहन में बदलाव आया है, लेकिन सामा-चकेवा की परंपरा आज भी बिहार के गांवों से लेकर शहरों तक कायम है। विशेष रूप से मिथिलांचल में इस पर्व का सांस्कृतिक महत्व काफी गहरा है। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का संदेश देने वाला यह पर्व बिहार की सांस्कृतिक विरासत की एक अनमोल पहचान बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ready for a more memorable dating experience? Explore luxury dating to meet people who share your interests, lifestyle, and appetite for a genuine connection.
A well-designed dating site helps compatible people connect through shared interests, making sugar dating more enjoyable and likely to lead to meaningful conversations.