पर्व-त्योहारों एवं विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर प्रशासन द्वारा विशेष छापेमारी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने नरियार मोतीपुर के पास से एक पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पिकअप भान से कुल 300 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। साथ ही गाड़ी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसकी पहचान मठिया मोरसंडी निवासी अभिनंदन कुमार के रूप में की गई है। टीम ने मद्यनिषेध थाना में उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ जारी है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
बताया गया है कि जब्त पिकअप भान कांटी की ओर जा रही थी, तभी उत्पाद विभाग की टीम ने नरियार मोतीपुर के पास चेकिंग के दौरान उसे रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से विदेशी शराब की पेटियां बरामद हुईं। सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि चुनाव और पर्व के दौरान जिले में शराब की तस्करी को रोकने के लिए हर थाना क्षेत्र में गश्त और चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सभी संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने इस संबंध में कहा कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कड़ी नीति अपनाई गई है। सभी चेकपोस्ट और संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाए ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके।
इधर, वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय निगरानी रखें, संदिग्ध वाहनों की जांच करें तथा शराब तस्करी या वितरण से संबंधित किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें।










