पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया लोकतंत्र का महापर्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुढ़नी विधानसभा में प्रथम पांच मतदाताओं को मिलेगा पौधा..हरियाली के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जोड़ने की एक पहल कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में की जा रही है। कुढ़नी के सामान्य प्रेक्षक डॉ. हीरालाल ने चुनावी प्रक्रिया में हरियाली के प्रति जागरूक करने के लिए पहले 5 मतदाताओं को पौधा देने की एक व्यावहारिक पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे मतदाता न केवल अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित होंगे, बल्कि उन्हें प्रकृति संरक्षण का संदेश भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की छोटी-छोटी पहलों से समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और लोकतांत्रिक भागीदारी को भी नई दिशा मिलती है।

उन्होंने जानकारी दी कि विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चार विशेष बूथों का चयन किया गया है, जहां मतदान के दिन प्रत्येक बूथ पर 50-50 पौधे मतदाताओं के बीच वितरित किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 1875 पौधे सांकेतिक रूप से मतदाताओं को वितरित कर पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। प्रेक्षक ने कहा कि यह पहल इस चुनाव को “इको फ्रेंडली” और प्रेरणादायक बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है

इस अवसर पर डॉ. हीरालाल ने प्रखंड कार्यालय सभागार, कुढ़नी में बीएलओ, सुपरवाइजर तथा सेक्टर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को उत्सव और फेस्टिव माहौल में बदलना चाहिए ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

कुढ़नी विधानसभा में चल रही यह हरित पहल न केवल मतदान को प्रेरक और उत्सवमय बनाएगी, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित परिवेश के निर्माण में भी योगदान देगी।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें