पुलिस की तत्परता से दो मोटरसाइकिल चोर पुलिस के हाथ लगे जिन्हें पकड़ कर जेल भेज दिया गया। 30 दिसंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुढ़नी के एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग सेंटर में चोरी का मोटरसाइकिल रखा हुआ है और वहीं पर इस गिरोह के द्वारा जितनी भी मोटरसाइकिल चोरी की जाती है उसका पार्ट्स अलग किया जाता है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुढ़नी थाना के अंतर्गत गुदड़ी चौक के पास प्रो. नीतीन ट्रेडर्स नामक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग दुकान की आड़ में चोरी की मोटरसाइकिल और उसके अनेकों पार्ट्स के साथ 1 अपराधी नीतीन कुमार, जिसका घर मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के चन्द्रहट्टी में पड़ता है को गिरफ्तार किया गया। मौके से पुलिस ने 2 आधा कटा हुआ मोटरसाइकिल, 15 साइलेंसर, 28 तेल टंकी, 2 इंजन सहित मोटरसाइकिल के अनेकों पार्ट्स बरामद किए।
जब इससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो इसने अपने साथी अपराधकर्मी अबोध कुमार का नाम लिया। गिरफ्तार अपराधी नीतीन कुमार के निशानदेही पर थाना करजा जिला मुजफ्फरपुर के खलीलपुर गांव के अबोध कुमार को गोरौल वैशाली जिला से गिरफ्तार किया गया।
कुढ़नी पुलिस ने बरामद मोटरसाइकल के पार्ट्स का सत्यापन कराया तो पता चला कि इस मोटरसाइकिल के चोरी की प्राथमिकी मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा और जैतपुर थानों में दर्ज कराई गई है। इसके अलावा मोटरसाइकिल के बरामद पार्ट्स का सत्यापन सीमावर्ती जिलों मे भी कराया जा रहा है।
गिरफ्तार अपराधकर्मियों का पहले से भी अपराधिक इतिहास रहा है। इन लोगों ने चोरी, लूट और डकैती की कई घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके ऊपर कई थानों। में प्राथमिकी दर्ज है। इस संदर्भ में कुढ़नी थाना कांड संख्या — 193/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।









