मुजफ्फरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक ने 20 वर्षीय युवती को रौंदा, सड़क जाम; चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फरपुर। जिले में एक बार फिर से रफ्तार का कहर बरपा है। गायघाट थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा।

मृतक के परिजनों ने बताया कि बखरी केशो गांव निवासी सर्वन सहनी की पुत्री अंशु कुमारी खेत में घास लाने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम कर ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूचना पर पहुंची गायघाट थाना पुलिस ने काफी देर तक लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर के SKMCH भेज दिया। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अभी दो दिन पहले ही बोचहा के आदिगोपालपुर में फॉरच्यूनर कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी जिसमें फाइनेंस में काम करने वाली एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी अब भी जीवन और मौत के बीच झूल रही है। वही सोमवार का यह हादसा एक बार फिर जिले में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रभावी सुरक्षा उपाय नहीं किए जा रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें