अहमदाबाद में पश्चिम रेलवे ने किया कमाल; रात भर में बना दिया यात्री सबवे, मुजफ्फरपुर में लोग रेलवे गुमटी से हैं परेशान..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में पश्चिम रेलवे ने प्रीकास्ट तकनीक का इस्तेमाल करते हुए एक पैदल यात्री सबवे का निर्माण बेहद कम समय में पूरा किया है। वस्त्रापुर क्षेत्र में रेलवे ने इस काम के लिए 8 घंटे का नाइट ब्लॉक लिया था, लेकिन निर्माण कार्य 7 घंटे 15 मिनट में पूरा कर एक नया कीर्तिमान बना दिया।

रेलवे ने इस निर्माण प्रक्रिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसके मुताबिक, सबवे बनाने के लिए रात में JCB जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल कर रेलवे ट्रैक को हटाया गया। इसके बाद उस स्थान पर करीब 1.5 मीटर गहरा गड्ढा तैयार किया गया। इसके बाद  तैयार किए गए प्रीकास्ट RCC बॉक्स को उस गड्ढे में एक के साथिक करके 4 बॉक्स को जोड़ा गया।

21 मीटर लंबा बनाया गया सबवे

पश्चिम रेलवे के अनुसार, बेस स्लैब तैयार करने के बाद M50 ग्रेड के प्रीकास्ट RCC बॉक्स को क्रम से लगाया गया। इससे करीब 21 मीटर लंबा सबवे बैरल तैयार हुआ। संरचना की मजबूती और टिकाऊपन के लिए पोस्ट-टेंशनिंग के साथ एडवांस्ड वॉटरप्रूफिंग का काम भी किया गया।

तय समय से पहले पूरा हुआ निर्माण

इस परियोजना के लिए रेलवे ने 8 घंटे का नाइट ब्लॉक लिया था। निर्माण टीम ने निर्धारित अवधि से 45 मिनट पहले ही काम पूरा कर लिया। निर्माण के बाद रेलवे की भारी सर्विस मशीन और इंजन को सबवे के ऊपर से गुजारकर इसकी मजबूती की जांच की गई। इसके बाद ट्रैक पर रेल परिचालन भी बहाल कर दिया गया।

अहमदाबाद के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) ने इस परियोजना को तेज और कुशल निर्माण का उदाहरण बताया। उनके अनुसार, प्रीकास्ट पैदल यात्री सबवे को 7 घंटे 15 मिनट में स्थापित किया गया, जबकि इसके लिए 8 घंटे का रेलवे ब्लॉक निर्धारित था।

लोगों को मिलेगा सुरक्षित रास्ता

पश्चिम रेलवे के मुताबिक, इस सबवे से स्थानीय लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता मिलेगा। इससे ट्रैक को अनधिकृत तरीके से पार करने की घटनाओं को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

मुजफ्फरपुर में भी शहर के अंदर कई रेलवे फाटक हैं जो लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। दामोदरपुर, ब्रह्मपुरा, माड़ीपुर-बीबीगंज रेलवे फाटक जैसे रेलवे गुमटी पर लंबे समय तक जाम लगना एक आम बात है। मुजफ्फरपुर के लोगों के दैनिक जीवन का एक चौथाई समय इस रेलवे गुमटी पर ही खत्म हो जाता है। कई बार सोनपुर मंडल को इस कठिनाई के बारे में बताई गई, लेकिन इस समस्या का समाधान आज तक नहीं निकल पाया। लोग तो अब ये भी कहने लगे हैं कि पढ़े लिखे अधिकारी अनपढ़ और अनस्किल्ड हैं।

वैसे अहमदाबाद में हुआ यह निर्माण रेलवे के लिए इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि व्यस्त रेल मार्ग पर सीमित समय के ब्लॉक के दौरान बड़े ढांचागत काम को पूरा करना तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। लेकिन पश्चिम रेलवे और साउदर्न रेलवे अपनी संरचनात्मक कार्य के लिए हमेशा प्रशंसा का पात्र रहें है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements