
मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट के निर्माण और जुब्बा सहनी विश्वविद्यालय समेत कई मुद्दों पर की बात
पटना, 18 सितंबर 2026: मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शुक्रवार को पटना स्थित 1, अणे मार्ग में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं, जनसुविधाओं के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। एयरपोर्ट के विकास को लेकर पहले से ही निर्माण एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया चल रही है। वैसे अगस्त 2026 में ही एयरपोर्ट परिसर की चारदीवारी का काम पूरा होने और एटीसी टावर के कार्य शुरू होने की जानकारी सामने आई थी।
आर्किटेक्चर और सिविल यूनिवर्सिटी पर भी चर्चा
बैठक में मुजफ्फरपुर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग से संबंधित विश्वविद्यालय की स्थापना के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यहां आपको याद दिला दें कि जुलाई 2026 में मुजफ्फरपुर के एमआईटी परिसर में सिविल इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की गई थी।
विकास योजनाओं और जनसुविधाओं पर विमर्श
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी चर्चा की। इनमें जनसुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना और क्षेत्र की आगामी विकास आवश्यकताओं से जुड़े विषय शामिल रहे।
मुख्यमंत्री सचिवालय की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार बिहार सरकार की मौजूदा विकास योजनाओं में शिक्षा, तकनीकी संस्थानों, शहरी सुविधाओं और संपर्कता से जुड़े क्षेत्रों पर भी जोर दिया जा रहा है।
विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद डॉ. राज भूषण चौधरी ने बताया कि यह भेंट मुजफ्फरपुर के समग्र, संतुलित एवं तीव्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। क्षेत्र के विकास को लेकर सकारात्मक वातावरण में हुई चर्चा से जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों को लेकर आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई है।










