मुजफ्फरपुर: बाढ़ के पानी में उतरकर डीएम ने बांटा राशन, गैस भी उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

“हमनी के गैस उस नइखे, गैस न दिबाऊ जे हमनी के बना ऊना के खायब।” राहत सामग्री वितरण के बीच महिला ने की मांग

मुजफ्फरपुर/ खबर जिन्दगी: बाढ़ के पानी से घिरे साहेबगंज प्रखंड के माधोपुर हजारी गांव में शुक्रवार को प्रशासन के द्वारा राहत सामग्री पहुंचाई जा रही थी। अभियान के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। जिला पदाधिकारी कुमार गौरव प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए खुद बाढ़ के पानी में उतर गए और लोगों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया।

जिलाधिकारी ने इन्फ्लेटेबल मोटर वोट के माध्यम से बाढ़ प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर उपलब्ध राहत व्यवस्था की जानकारी ली।

बाढ़ के पानी में पैदल पहुंचे डीएम

माधोपुर हजारी में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी केवल अधिकारियों से जानकारी लेकर वापस नहीं लौटे। वे बाढ़ के पानी के बीच पैदल चलते हुए प्रभावित परिवारों तक पहुंचे और खुद राशन सामग्री वितरित की।

महिला ने बज्जिका में बताई परेशानी, डीएम ने दिया भरोसा

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और यह भी पूछा कि वे सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते हैं या फिलहाल अपने घरों में ही रहना चाहते हैं। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि यदि वे अपने घरों में रहना चाहते हैं, तो प्रशासन की ओर से आवश्यक राशन और राहत सामग्री उन तक पहुंचाई जाती रहेगी।

इसी दौरान एक महिला ने स्थानीय बज्जिका भाषा में अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि “हमनी के गैस उस नइखे, गैस न दिबाऊ जे हमनी के बना ऊना के खायब।” महिला ने प्रशासन से गैस उपलब्ध कराने की मांग की।महिला की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी ने सहज अंदाज में जवाब दिया—“ठीक है, गैस भी भेजवाते हैं।”

डीएम का यह जवाब वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। बाढ़ जैसी कठिन परिस्थिति में राहत सामग्री के साथ-साथ लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को सुनना और उन्हें भरोसा देना प्रभावित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण रहा।

“सरकार का पूरा ध्यान”

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से खाद्य सामग्री, पॉलीथिन शीट और अन्य आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इन्फ्लेटेबल मोटर वोट से लिया बाढ़ का जायजा

इससे पहले जिलाधिकारी कुमार गौरव ने अधिकारियों की टीम के साथ इन्फ्लेटेबल मोटर वोट के माध्यम से माधोपुर हजारी रिंग बांध और मुख्य बांध क्षेत्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलस्तर, आवागमन, प्रभावित परिवारों की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने की व्यवस्था की समीक्षा की।

हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचे राहत

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय पर और पर्याप्त मात्रा में पहुंचाई जाए। राहत वितरण में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।  स्थानीय स्तर पर लोगों की जरूरतों का लगातार आकलन कर उसके आधार पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

नाव और उपलब्ध संसाधनों से राहत कार्य जारी रखने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया जाए। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

माधोपुर हजारी में जिलाधिकारी का बाढ़ के पानी के बीच पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करना और उनकी समस्याएं सुनना राहत अभियान के दौरान चर्चा का प्रमुख विषय रहा। खासकर गैस की मांग पर तत्काल व्यवस्था कराने का आश्वासन लोगों के बीच प्रशासन की संवेदनशीलता दिखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements