
दिल्ली से बिहार और बंगाल के लिए दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ स्पेशल ट्रेनों की मिली सौगात
दिवाली और छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से दानापुर, दरभंगा, भागलपुर और जोगबनी समेत कई शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें घोषित की हैं।
नई दिल्ली/खबर जिन्दगी: दिवाली और छठ पूजा के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हमेशा की तरह दिल्ली से बिहार के कई शहरों के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल से दानापुर, दरभंगा, भागलपुर और जोगबनी समेत कई रूटों पर विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
बिहार का इमोशन छठ पर्व के लिए दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग बिहार लौटते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए और भी ट्रेनों के फेरे या संख्या को बढ़ाया जा सकता है।
दिल्ली-दरभंगा के बीच चलेगी फेस्टिवल स्पेशल
रेलवे के अनुसार, नई दिल्ली और दरभंगा के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना है। ट्रेन संख्या 04098/04097 को आरक्षित श्रेणी में चलाया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक यह ट्रेन नई दिल्ली से रवाना होकर गाजियाबाद, गोरखपुर, नरकटियागंज, मोतिहारी और मुजफ्फरपुर होते हुए दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में भी ट्रेन इसी रूट से संचालित होगी।
आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल ट्रेन
दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोगबनी के बीच
ट्रेन संख्या 04008 आनंद विहार टर्मिनल से निर्धारित अवधि में शनिवार को चलेगी, जबकि 04007 जोगबनी से वापसी में रविवार को संचालित की जाएगी। इससे अररिया और आसपास के इलाकों में जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी।
नई दिल्ली-दानापुर स्पेशल के बढ़ाए गए फेरे
त्योहारी सीजन में पटना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए पहले से विशेष ट्रेन के रूप में चल रही ट्रेन संख्या 04090/04089 नई दिल्ली-दानापुर स्पेशल ट्रेन के फेरों में इजाफा किया गया है। इसके अतिरिक्त फेरों से दिल्ली-एनसीआर से पटना आने वाले यात्रियों को यात्रा के लिए विकल्प उपलब्ध होगा।
आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन रोजाना
पूर्वी बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। इसके लिए आनंद विहार टर्मिनल और भागलपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। ट्रेन संख्या 04062/04061 गया, किऊल और जमालपुर के रास्ते रोजाना संचालित होगी। इसका परिचालन निर्धारित अवधि में दोनों दिशाओं से किया जाएगा।
नई दिल्ली-हावड़ा के बीच भी स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली और हावड़ा के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 04052/04051 निर्धारित अवधि में साप्ताहिक सेवा के रूप में संचालित होगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से शुक्रवार और हावड़ा से शनिवार को चलाने की जानकारी दी गई है।
भागलपुर और मालदा से भी कई स्पेशल ट्रेनें
दुर्गा पूजा को देखते हुए रेलवे ने भागलपुर और मालदा से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनों की जानकारी दी है। इनमें भागलपुर-नई दिल्ली, मालदा-भागलपुर, मालदा-एलटीटी, मालदा-उधना, मालदा-आनंद विहार, मालदा-बेंगलुरु और मालदा-पुणे स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे के अधिकारियों ने इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल किए जाने की जानकारी दी गई है। साथ ही अलग-अलग ट्रेनों के फेरे और संचालन के दिन भी निर्धारित किए गए हैं।
टिकट बुकिंग से पहले ट्रेन संख्या और तारीख देखें
त्योहार के दौरान ट्रेनों में भीड़ अधिक रहने की संभावना है। यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले ट्रेन नंबर, तारीख, प्रस्थान समय, ठहराव और उपलब्धता की रेलवे की आधिकारिक जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए। स्पेशल ट्रेनों के समय और परिचालन में रेलवे की ओर से बदलाव भी किया जा सकता है। इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।










