बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन ने जारी किया आदेश
बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, विद्यापति मार्ग, पटना के अध्यक्ष प्रोफेसर रणवीर नंदन द्वारा दीनानाथ दास को श्री राम जानकी मंदिर, ग्राम–रोहुआ (अपूच), जिला–मुजफ्फरपुर का महंत नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक संतुलन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दरअसल मंदिर के प्रबंधन और जमीन पर भू माफियाओं और असामाजिक तत्वों की नजर गड़ी हुई थी। इस को लेकर गांव के वरिष्ठ नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सामूहिक रूप से न्यास परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर जानकारी दी गई थी। पत्र में मंदिर की वर्तमान स्थिति एवं प्रबंधन से संबंधित समस्याओं का उल्लेख करते हुए एक सक्षम एवं योग्य महंत की आवश्यकता जताई थी।
प्राप्त आवेदन एवं जांच के उपरांत यह पाया गया कि विगत कई वर्षों से मंदिर के प्रबंधन में शिथिलता एवं समिति के निष्क्रिय होने के कारण मंदिर की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। साथ ही, मंदिर की संपत्तियों के संरक्षण एवं धार्मिक गतिविधियों के संचालन में भी कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही थीं।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दीनानाथ दास को महंत पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया। साथ ही परिषद ने आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में मंदिर की व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
न्यास परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, महंत दीनानाथ दास मंदिर की सभी चल एवं अचल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, मंदिर की आय-व्यय का लेखा-जोखा रखना तथा समय-समय पर परिषद को इसकी जानकारी देना उनकी जिम्मेदारी होगी। इसके अतिरिक्त, मंदिर के समुचित विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कार्य किए जाएंगे।
दीनानाथ दास की महंत के पद पर नियुक्ति के बाद स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों का मानना है कि दीनानाथ दास जी के नेतृत्व में मंदिर में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र में शांति, सद्भाव एवं आध्यात्मिक वातावरण बेहतर होगा।
मंदिर में जनकल्याण हेतु मठ की ओर से दिनांक 22 अप्रैल 2026 को मठ परिसर में एक भव्य धार्मिक आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें जगत गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज, प्रमोद कृष्णन जी, बागेश्वर धाम सरकार, हनुमान गढ़ी के महंत एवं गायक पवन सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित होंगे। इस आयोजन की घोषणा के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
दीनानाथ दास जी को मठ का महंत बनाएं जाने के न्यास के निर्णय पर तमाम शहर वासियों के तरफ ने खुशी व्यक्त करते हुए बधाई दी है। बधाई देने वालो में मुजफ्फरपुर के विधायक रंजन कुमार, बोचहा के विधायक बेबी कुमारी, डॉक्टर राजीव रंजन निदेशक महावीर वात्सल्य अस्पताल पटना, अमर पासवान पूर्व विधायक बोचहा, अभय कुमार मुखिया, अनुपम कुमार अध्यक्ष जदयू, मेयर निर्मला साहू, उपमेयर डॉ मोनालिसा, डॉ नवीन कुमार, एमएलसी बंशीधर बृजवासी, अजय कुमार सिंह, आलोक कुमार, सिद्धार्थ शर्मा, साकेत कुमार, गजेंद्र शर्मा, संचित शाही एवं अन्य शामिल है।










