बिहार में सुशासन राज्य खत्म.. अपराधियों का बढ़ा मनोबल; आए दिन हो रहे अपराध से बिहार परेशान
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जंदाहा थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर भाथ पंचायत के वार्ड संख्या-12 में पूर्व मुखिया शंभू यादव के घर के पास बेखौफ बदमाशों ने बमबाजी कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। लगातार धमाकों की आवाज से ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जंदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा बम और एक बम का खोखा बरामद किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन बम फोड़े गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले जंदाहा बाजार के कुशवाहा चौक पर जलजमाव के बीच गुजर रहे एक ट्रक से कीचड़ उछल गया था। इस बात को लेकर विवाद हुआ और स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद की कड़ी में यह बमबाजी की वारदात हुई।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है। मामूली विवाद का बमबाजी जैसी वारदात में बदल जाना स्थानीय लोगों की सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस पर गंभीर चिंता पैदा करता है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।







