मुजफ्फरपुर: हॉस्टल से 15 वर्षीय छात्र लापता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

सुबह 4:30 बजे बिना अनुमति हॉस्टल से निकला छात्र, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

मुजफ्फरपुर: जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित जाता कांटा के प्राइवेट आदर्श सरस्वती आवासीय विद्यालय से 15 वर्षीय छात्र के रहस्यमय ढंग से लापता होने से हड़कंप मच गया है। घटना ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था, वार्डन की निगरानी और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लापता छात्र की पहचान अंकित कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है। वह दरभंगा जिले के भरवाड़ा निवासी प्रशांत भारती का पुत्र है। जानकारी के अनुसार, छात्र तड़के करीब 4:30 बजे बिना किसी अनुमति के हॉस्टल से बाहर निकल गया। सुबह उपस्थिति के दौरान उसके गायब होने की जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना प्रभारी राजकुमार गौतम स्वयं विद्यालय पहुंचे और हॉस्टल परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है तथा छात्र की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन जारी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और छात्र के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि हॉस्टल में रात्रिकालीन रोल कॉल, वार्डन की नियमित निगरानी, मुख्य गेट पर कड़ी सुरक्षा और समय-समय पर निरीक्षण की व्यवस्था प्रभावी होती, तो कोई भी छात्र देर रात चुपचाप परिसर से बाहर नहीं निकल सकता था।

यह भी सवाल उठ रहा है कि आखिर तड़के 4:30 बजे छात्र हॉस्टल से बाहर कैसे निकल गया? क्या उस समय सुरक्षा कर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे? क्या मुख्य गेट खुला था? इन सभी बिंदुओं की जांच पुलिस कर रही है।

पुलिस जांच जारी
बेनीबाद थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, विद्यालय प्रशासन से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र की तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल छात्र का कोई सुराग नहीं मिला है। यदि किसी व्यक्ति को अंकित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल बेनीबाद थाना या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements