मुजफ्फरपुर: किलकारी के “चक धूम धूम” समर कैम्प में 35 कलाओं में बच्चों ने दिखाया हुनर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की संस्था बिहार बाल भवन “किलकारी” द्वारा आयोजित 21 दिवसीय “चक धूम धूम” समर कैम्प का समापन सोमवार को जिला स्कूल हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) सुजीत कुमार दास, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) अमित कुमार, स्थापना शाखा के इंद्र कुमार कर्ण, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुष्मिता झा, जिला स्कूल के प्राचार्य जीबू झा तथा डाइट रामबाग की प्राचार्य अनामिका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि किलकारी बच्चों के सृजनात्मक विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि यहां बच्चों को जितना सिखाया जाता है, वे अपनी प्रतिभा से उसे और अधिक समृद्ध बना देते हैं। बच्चों की रचनात्मकता को नया आयाम देने के लिए किलकारी बाल केंद्र में नियमित रूप से कला प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं।

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने बताया कि 21 दिवसीय समर कैम्प में 35 विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। इनमें बांधनी कला, टेक्सटाइल पेंटिंग, सुजनी आर्ट, मंडाला पेंटिंग, स्केटिंग, फोटोग्राफी, कत्थक, तबला वादन, वॉलीबॉल, सॉफ्टबॉल, मास्क मेकिंग, सृजनात्मक लेखन, मूर्तिकला, ग़ज़ल, पोर्ट्रेट पेंटिंग, गरबा, नाटक, पीपल के पत्तों पर चित्रकारी, गीता पाठ, बैडमिंटन सहित कई कलाएं शामिल थीं।

सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि आनंद ने बताया कि 8 से 16 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों को इस समर कैम्प में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार बाल भवन “किलकारी” बच्चों के सर्वांगीण और सृजनात्मक विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
समापन समारोह में बच्चों ने भरतनाट्यम, कत्थक, गरबा, शास्त्रीय गायन, लोकगीत, ग़ज़ल, भक्ति गीत, नृत्य-नाटिका, कराटे, बीटबॉक्सिंग तथा रवींद्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध कहानी “तोते की शिक्षा” की नाट्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा मिथिला चित्रकला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में चित्रांश खेल एवं संस्कृति संस्थान के राजीव जी, गोपाल फलक सहित किलकारी के प्रशिक्षक कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुणिमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार एवं प्रियंका चौधरी उपस्थित रहे।

मंच संचालन समर कैम्प में प्रशिक्षित बच्चों श्रेया, वाणी, शुभम, अनन्या, आदित्य, स्तुति, मयंक, स्वधा, नंदनी, सादिया, फिरजा एवं कर्ण ने किया। मंच निर्देशन इंद्रजीत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्णिमा बाला, सीआरपी (कमिश्नरी रिसोर्स पर्सन) द्वारा किया गया।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें