बिहार का विधानसभा चुनाव 2025, भारत निर्वाचन आयोग की नई पहल का फिर से गवाह बन रहा है। अब हर मतदाता सीधे चुनाव आयोग से जुड़ सकता है और जानकारी प्राप्त कर सकता है। देशभर में मतदाताओं की सुविधा, शिकायत निवारण और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भी एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कोई भी नागरिक अपने जिले के कोड के साथ 1950 डायल कर चुनाव से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता प्राप्त कर सकता है। यह हेल्पलाइन 24×7 कार्यरत है तथा ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के मतदाताओं को सहज एवं त्वरित जानकारी एवं समाधान का सुगम एवं सशक्त माध्यम बन रहा है।
उदाहरण के लिए, यदि किसी मतदाता को अपने मतदान केंद्र, मतदाता सूची में नाम, या पहचान पत्र संबंधी जानकारी चाहिए, तो वह 1950 पर कॉल करके कुछ ही मिनटों में इसका समाधान पा सकता है।
इस सुविधा से मतदाता अपना नाम, बूथ, विधानसभा क्षेत्र या EPIC नंबर जान सकते हैं। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है, तो उसका कारण भी बताया जाता है।
कॉल करने पर मतदाता को उसके नजदीकी मतदान केंद्र का सटीक स्थान, दिव्यांगों के लिए सुविधा, व्हीलचेयर या सहायक की व्यवस्था जैसी जानकारियाँ दी जाती हैं।
अगर कहीं आचार संहिता का उल्लंघन, मतदाता को प्रभावित करने का प्रयास, या सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग देखा जाता है, तो मतदाता सीधे 1950 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायतों को ECI की प्रणाली में दर्ज कर जिला निर्वाचन पदाधिकारी को अग्रसारित किया जाता है, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती है।
इतना ही नहीं 1950 हेल्पलाइन अब मोबाइल ऐप और पोर्टल से भी जुड़ा हुआ है। जिससे अगर कॉल करने के बाद वो सुरक्षित रखा जाएगा जिससे बाद के दिनों में कॉल करने वाला व्यक्ति अपनी शिकायत या अनुरोध की स्थिति को जानना चाहे तो ऑनलाइन भी देख-सुन सकता है।
मतदाताओं को एपिक नंबर, निर्वाचन क्षेत्र, बूथ संख्या जैसी सूचनाएं प्राप्त करने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। एक बार अपनी समस्या को 1950 पर कॉल के दर्ज कराने के बाद एक निश्चित समयसीमा अंदर मतदाताओं के समस्या का निवारण करने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है।
1950 हेल्पलाइन केवल सूचनात्मक नहीं, बल्कि जागरूकता का भी माध्यम है। चुनाव के दौरान आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देश, मतदाता आचार संहिता, मतदान की तारीखें, और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियाँ नियमित रूप से 1950 हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा रही हैं। साथ ही PwD (Persons with Disabilities) मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र तक पहुँच की सुविधा, व्हीलचेयर की उपलब्धता, और सहायक कर्मियों की तैनाती संबंधी सूचनाएँ भी 1950 के माध्यम से दी जा रही हैं।










