पुलिस दबिश के बाद उचक्के के दादा ने पैसा पुलिस को किया वापस

अरवल- जहानाबाद मुख्य मार्ग पर भदासी के समीप के लूट कांड को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है और लूट की रकम भी पुलिस वालों ने रिकवर कर लिया है। बता दें कि शुक्रवार की रात लुटेरों ने अरवल- जहानाबाद मुख्य मार्ग पर भदासी के समीप पेट्रोल पंप के कर्मचारी से एक लाख आठ हजार रुपये छीन लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट का पैसा बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि करपी पेट्रोल पंप से एक कर्मी एक लाख 8 हजार लेकर मोटरसाइकिल से अरवल जा रहे थे। इस दौरान भदासी के समीप पैसा लूट लिया गया। उसके बाद पेट्रोल पंप के कर्मी ने इस बात की सूचना सदर थाने को दी। इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी ने घटना की सूचना के बाद बताए गए विभिन्न जगहों पर छापेमारी की गयी। पुलिस दबिश से घबरा कर उचक्के के दादा ने लूट का पैसा पुलिस को वापस कर दिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल ने बताया कि पेट्रोल पंप के कर्मी से लूट गए पैसे को वापस कर लिया गया है। पैसा के साथ ही बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि लुटेरा भोजपुर जिले का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप के कर्मी से पैसा लूट के मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है एवं लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के द्वारा छापेमारी की जा रही है। इस तरह अरवल पुलिस के द्वारा लूट गए पैसा को 24 घंटे के अंदर में रिकवर कर लिया गया है।










