मुजफ्फरपुर में सावन को लेकर बदला ट्रैफिक प्लान, शनिवार दोपहर से सोमवार तक वाहनों की एंट्री पर रोक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला 2026 को लेकर ट्रैफिक प्लान बदला गया है। शनिवार दोपहर 2 बजे से सोमवार 2 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। जानें कांवरिया पथ, पार्किंग और रूट डायवर्जन की पूरी जानकारी।

मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2026 को लेकर मुजफ्फरपुर शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बाबा गरीबनाथ मंदिर जाने वाले कांवरियों की सुविधा और शहर में यातायात को नियंत्रित रखने के लिए जिला प्रशासन ने मुजफ्फरपुर शहर के अंदर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया है। इसके लिए जिला परिवहन शाखा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यातायात व्यवस्था का एक रूट मैप जारी किया है।

जिला परिवहन शाखा की ओर से कहा गया है कि यह व्यवस्था प्रत्येक सोमवार को भीड़ को देखकर लिया गया है। शाखा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह यातायात व्यवस्था श्रावण माह के प्रत्येक शनिवार दोपहर 2 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

पहलेजा घाट से गरीबनाथ मंदिर तक निर्धारित रहेगा कांवरिया पथ

पहलेजा घाट, हाजीपुर से गंगाजल लेकर आने वाले कांवरियों के लिए जिला प्रशासन ने अलग कांवरिया पथ निर्धारित किया है। कांवरिया रामदयालु रेलवे गुमटी पार करने के बाद अघोरिया बाजार चौराहा, हरिसभा चौक, देवी मंदिर रोड, पानी टंकी चौक और जिला स्कूल मैदान में बनाए गए जिग-जैग मार्ग से आगे बढ़ेंगे।

इसके बाद कांवरिया हाथी चौक, अमर सिनेमा चौक, छोटी कल्याणी, प्रभात सिनेमा चौक, साहू पोखर, बजरंगबली चौक और माखन साह चौक होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचेंगे।

कांवरियों की निकासी के लिए छाता बाजार मार्ग निर्धारित किया गया है।

शहर में इन मार्गों से वाहनों की एंट्री रहेगी बंद

यातायात नियंत्रण के लिए शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। रामदयालु नगर, कच्ची-पक्की चौक, गोबरसही चौक, भगवानपुर पुल, बैरिया गोलंबर, जीरो माइल, मिठनपुरा चौक और बनारस बैंक चौक से आवश्यक सेवा वाले वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का शहरी क्षेत्र की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा सरैयागंज टावर से गांधी चौक, छाता चौक, माखन साह चौक और पुरानी बाजार चौक तक के क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

कांवरिया वाहनों के लिए होगी पार्किंग की व्यवस्था

जिला प्रशासन ने कांवरियों से संबंधित वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था की है। इसके लिए लंगट सिंह कॉलेज परिसर, सरकारी बस स्टैंड इमलीचट्टी और बैरिया बस पड़ाव को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि श्रावणी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

मुजफ्फरपुर से पटना जाने वालों के लिए अलग रूट

श्रावणी मेले के दौरान मुजफ्फरपुर से पटना जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन सदातपुर से न्यू बाईपास मथौल रोड, रेवा रोड, पताही फ्लाईओवर के नीचे से सरैया, मलिकपुर, वैशाली और लालगंज होते हुए हाजीपुर के अंजानपीर चौक से पटना की ओर जाएंगे।

वहीं, पटना से मुजफ्फरपुर आने वाले वाहनों को दिघीकला चौक, महुआ रोड और काजीइंडा चौक होते हुए कच्ची-पक्की चौक, खबड़ा और भगवानपुर की ओर भेजा जाएगा।

दरभंगा, मोतिहारी और सीतामढ़ी के लिए वैकल्पिक रूट

भगवानपुर से आगे दरभंगा, मोतिहारी, शिवहर और सीतामढ़ी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है।

वहीं बरौनी और समस्तीपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को सीधे भगवानपुर चौक की ओर परिचालित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के दौरान किसी भी परिस्थिति में वाहनों को प्रतिबंधित पटना रोड पर प्रवेश नहीं कराया जाएगा।

प्रशासन की अपील

श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों के मुजफ्फरपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह यातायात व्यवस्था लागू की है। प्रशासन का उद्देश्य कांवरियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ-साथ शहर में जाम की स्थिति को नियंत्रित रखना है।

वाहन चालकों से अपील है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी लें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आवागमन की अनुमति रहेगी।

यह यातायात व्यवस्था श्रावण माह के प्रत्येक शनिवार दोपहर 2 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें