घाटशिला: मऊभंडार स्मेल्टर प्लांट शुरू करने की मांग को लेकर इंटक का धरना, 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घाटशिला/मऊभंडार: मऊभंडार स्थित एचसीएल-आईसीसी स्मेल्टर प्लांट को फिर से चालू कराने और श्रमिकों से जुड़ी मांगों को लेकर इंटक (इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस) ने वर्क्स मेनगेट के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व इंटक के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने किया। इस दौरान एचसीएल के सीएमडी के नाम 10 सूत्री मांगपत्र आईसीसी अधिकारियों को सौंपा गया।

धरने को संबोधित करते हुए डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि मऊभंडार स्मेल्टर प्लांट दशको से इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और हजारों परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार रहा है। उनका कहना था कि देश और दुनिया में कॉपर की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे समय में इस महत्वपूर्ण स्मेल्टर प्लांट का बंद रहना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्लांट चालू होने से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां फिर से तेज होंगी।

उन्होंने ठेका मजदूरों को प्रत्येक माह न्यूनतम 26 दिन रोजगार सुनिश्चित करने तथा पूर्व में काम से वंचित हुए ठेका श्रमिकों को दोबारा काम पर रखने की मांग भी उठाई। साथ ही मुसाबनी कंसेंट्रेटर प्लांट की क्षमता बढ़ाने और सुरदा फेज-2 सॉफ्ट सिंकिंग परियोजना को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता बताई।

धरने में मौजूद प्रदेश कांग्रेस सचिव तापस चटर्जी ने भी स्मेल्टर प्लांट को जल्द चालू करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लांट बंद रहने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर कम हुए हैं और युवाओं का पलायन बढ़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार और स्थानीय सांसद से क्षेत्र के औद्योगिक विकास और श्रमिकों के हितों के लिए सक्रिय पहल करने का आग्रह किया।

इंटक की ओर से सौंपे गए 10 सूत्री मांगपत्र में मऊभंडार स्मेल्टर प्लांट को तत्काल चालू करने, मेकॉन द्वारा तैयार डीपीआर और फिजिबिलिटी रिपोर्ट सार्वजनिक करने, ठेका मजदूरों को नियमित रोजगार देने, पूर्व ठेका मजदूरों की बहाली, मुसाबनी कंसेंट्रेटर प्लांट की बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुरदा फेज-2 परियोजना शुरू करने, श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा, कंपनी आवास संबंधी व्यवस्था में संशोधन, बकाया बिलों पर चक्रवृद्धि ब्याज समाप्त करने तथा बंद पड़े स्कूलों को पुनः संचालित करने जैसी मांगें शामिल हैं।
धरना कार्यक्रम में तापस चटर्जी, शेख अशरफ उर्फ भोलू, शिवनाथ मांडी, लक्ष्मण चंद्र बाग, कन्हैया शर्मा, फेवियन तिर्की, तोता महाली, मानस दास, हिरेन चौधरी, आर.के. मेरीदास, आफताब खान, दलपति मुर्मू सहित बड़ी संख्या में इंटक कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें