31 दिसंबर 2028 तक पूरा होगा पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्री सीताराम मंडपम में मां जानकी और रामदरबार की प्रतिमाओं की हुई प्राण प्रतिष्ठा, पुनौराधाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना

सीतामढ़ी, खबर जिन्दगी संवाददाता
मां जानकी की जन्मभूमि पुनौराधाम शनिवार को आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। यहां नव निर्मित अस्थायी काष्ठ ‘श्री सीताराम मंडपम’ में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां जानकी और रामदरबार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने दिसंबर 2028 तक मां सीता के मंदिर के निर्माण पूरा होने का लक्ष्य रखा।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंदिर के महंत कौशल किशोर दास के नेतृत्व में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रतिमाओं की स्थापना भी कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

2028 तक रखा भव्य मंदिर के निर्माण का लक्ष्य
पुनौराधाम में निर्माणाधीन भव्य माता सीता मंदिर परियोजना की सम्राट चौधरी ने समीक्षा की। अधिकारियों ने मंदिर परिसर के प्रस्तावित मॉडल के माध्यम से मंदिर, परकोटा, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पीठाधीश्वर निवास, संग्रहालय, ऑडिटोरियम और महिला हाट सहित विभिन्न प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी दी।

समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुनौराधाम के समग्र विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2028 तक भव्य माता जानकी मंदिर का निर्माण पूरा कर मां जानकी को नए मंदिर में विराजमान कराने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौराधाम केवल बिहार के श्रद्धालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा स्थल है। मां जानकी की जन्मभूमि होने के कारण इसका धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व विशेष है।

चुनाव के दौरान अमित शाह ने किया था वादा          2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी के लोगों से वादा किया था कि माता सीता की जन्मस्थली को अयोध्या के जैसा ही भव्य बनाया जाएगा। इसके साथ ही सीतामढ़ी और अयोध्या को वंदे भारत ट्रेन से जोड़ कर सीतामढ़ी के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी करने की बात कही थी।

8 अगस्त का दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि आज ही के दिन पिछले साल 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृहमंत्री अमित शाह ने इस मंदिर का शिलान्यास और भूमिपूजन किया था।

धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार को भी बढ़ावा
सरकार की योजना पुनौराधाम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की है। मंदिर परिसर के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए भी सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौराधाम के विकास से धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आसपास की आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार का उद्देश्य पुनौराधाम को वैश्विक धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है।

प्रदर्शनी में बज्जिका कला ने भी खींचा ध्यान
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में लगी प्रदर्शनी में बज्जिका कला और सिक्की कला पर आधारित शिल्प प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों द्वारा तैयार कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की लोक कला और संस्कृति राज्य की अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलने से कलाकारों और कारीगरों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, समाजकल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक पंकज मिश्रा, सुनील कुमार पिंटू, अमित कुमार, गायत्री देवी और अनिल राम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी रिचि पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें