पूर्णिया और किशनगंज के 7 लोग दुबई में फंसे; युवकों ने लगाई मदद की गुहार, दाने दाने के हुए मोहताज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

पूर्णिया-किशनगंज के युवकों का आरोप; रोजगार के लिए पहुंचे दुबई, पूर्व विधायक से वीडियो कॉल पर सुनाई आपबीती

पूर्णिया/किशनगंज: नौकरी के लिए गए बिहार के पूर्णिया और किशनगंज जिले के सात युवकों के दुबई में फंसने का मामला सामने आया है। युवकों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जिस काम के लिए ले जाया गया वह काम उन्हें नहीं दिया गया। युवकों का कहना है कि उनके पासपोर्ट अपने पास रख लिए गए और उन्हें रहने तथा खाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि पूर्णिया जिले के रीटा थाना क्षेत्र के तीन और किशनगंज जिले के कोचाधामन क्षेत्र के चार युवक इस स्थिति में फंसे हुए हैं। युवकों ने वीडियो कॉल के माध्यम से कोचाधामन के पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद को अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई।

नौकरी करने गए थे दुबई
युवकों के मुताबिक, वे एक नाहिद गनी नाम के एजेंट के माध्यम से नौकरी करने दुबई पहुंचे थे। उनका कहना है कि एक एजेंट ने उन्हें फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था और इसके लिए प्रत्येक युवक से करीब डेढ़-डेढ़ लाख रुपये लिए थे। हालांकि, दुबई पहुंचने के बाद उन्हें जो काम बोलकर ले जाय गया था उसकी जगह अन्य काम जो उन्हें नहीं आता, कराने की बात युवकों ने कही है।

युवकों का कहना है कि जिस कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था, वहां उनके पासपोर्ट रख लिए गए। उन्होंने एजेंट पर धमकी देने और उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

खाने और रहने को लेकर भी परेशान हैं युवक
पूर्व विधायक से वीडियो कॉल पर बात के क्रम में यह भी सामने आया है कि उन्हें पर्याप्त खाना नहीं मिल रहा है और रहने की भी उचित व्यवस्था नहीं है। एक युवक ने मदद की अपील करते हुए कहा कि वे मुश्किल परिस्थिति में हैं और उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था की जाए।

युवकों के अनुसार, शुरुआती दिनों में वे अपने साथ लेकर गए पैसों से किसी तरह गुजारा कर रहे थे, लेकिन अब उनके पास पैसे भी खत्म हो रहे हैं। कुछ युवकों ने सड़क पर रात बिताने की भी बात कही है।

पूर्व विधायक ने मदद का दिलाया भरोसा
कोचाधामन के पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद ने युवकों से वीडियो कॉल पर बात की और उनकी समस्या सामने आने के बाद उन्हें मदद दिलाने के प्रयास की बात कही है। पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद के अनुसार, युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए संबंधित स्तर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

दुबई में फंसे युवकों के नाम दिलफरोज आलम, नासिर आलम रब्बान तथा अन्य बताए जा रहे हैं। युवकों के अनुसार, वे 5 अगस्त को दुबई पहुंचे थे। हालांकि, सभी तथ्यों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी
यह मामला विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। किसी एजेंट के माध्यम से विदेश जाने से पहले उसके लाइसेंस, कंपनी की जानकारी, रोजगार अनुबंध, वीजा की प्रकृति और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करना जरूरी है। पर्यटन वीजा पर नौकरी के लिए विदेश जाने से पहले संबंधित नियमों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी लेना भी महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements