
30 किलोमीटर का फासला होगा कम; समय के साथ होगी पैसे की बचत
मुजफ्फरपुर/खबर जिन्दगी: जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बदलाव सामने आया है। मनियारी को नया प्रखंड बनाने की कवायद तेज होती दिख रही है। इसके लिए कुढ़नी प्रखंड की 37 पंचायतों में से 14 पंचायतों को अलग कर नया प्रशासनिक प्रखंड गठित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
ग्रामीण विकास विभाग ने इस मामले में मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी से स्पष्ट मंतव्य के साथ विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो मनियारी मुजफ्फरपुर जिले का 17वां प्रखंड बन सकता है।
विधानसभा में उठा था मामला
मनियारी को अलग प्रखंड बनाने का मुद्दा 25 फरवरी 2026 को कुढ़नी विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बिहार विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से उठाया था। जिसके बाद ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में आश्वासन दिया था कि कुढ़नी से 14 पंचायतों को निकालकर नए प्रखंड के गठन की संभावना पर रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। इसके लिए तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त से निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट मांगी गई थी।
मुजफ्फरपुर डीएम से मांगा गया प्रस्ताव
विधानसभा के निर्देश के बाद ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग के अवर सचिव ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखा जिसमें मनियारी को अलग प्रखंड बनाने के प्रस्ताव पर स्पष्ट मंतव्य मांगा गया है और विस्तृत रिपोर्ट 60 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
30 किलोमीटर की दूरी से मिल सकती है राहत
कुढ़नी प्रखंड के कुछ हिस्से में रहने वाले ग्रामीणों को सरकारी कार्यों के लिए कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। कुछ क्षेत्रों के लोगों को तो लगभग 30 किलोमीटर तक की यात्रा करनी पड़ती है। नया प्रखंड बनने के बाद इन पंचायतों के लोगों को प्रखंड स्तर के सरकारी कार्यों के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे समय और यात्रा खर्च दोनों में राहत मिलने की उम्मीद है।
इन 14 पंचायतों को किया जा सकता है शामिल
मनियारी को नया प्रखंड बनाने के प्रस्ताव में कुढ़नी की जिन 14 पंचायतों को शामिल करने की बात सामने आई है, उनमें:
1. मोहम्मदपुर मोबारक
2. चैनपुर वाजिद
3. अमरख
4. रघुनाथपुर मधुबन
5. महंत मनियारी
6. हरिशंकर मनियारी
7. रतनौली
8. छितरौली
9. किनारू
10. सोनबरसा
11. अख्तियारपुर परैया
12. शहपुर मरीचा
13. हरपुर बलड़ा और
14. पकाही
शामिल हैं।
अंतिम फैसला अभी बाकी
हालांकि, मनियारी को नया प्रखंड बनाने की प्रक्रिया अभी अपने शुरुआती चरण में ही है। फिलहाल जिला प्रशासन से विस्तृत प्रस्ताव और मंतव्य मांगा गया है। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रस्ताव की समीक्षा और निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मनियारी को स्वतंत्र प्रखंड का दर्जा कब तक दिया जा सकता है।
अगर यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है तो इससे मनियारी क्षेत्र की स्थानीय ग्रामीणों के लिए प्रखंड स्तर के सरकारी कार्य नियत समय के साथ ही समय और पैसे दोनों की बचत होगी।










