

IIPA की बैठक में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित करने का रखा प्रस्ताव
IIPA बैठक: भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (IIPA-Indian Institute of Public Administration), नई दिल्ली की 72वीं वार्षिक सामान्य बैठक 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित हुई। बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हर घर-हर व्यक्ति तक शासन व्यवस्था पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति एवं IIPA के अध्यक्ष सी. पी. राधाकृष्णन तथा संस्थान के चेयरमैन जितेंद्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने संस्थान की कार्यशैली, गतिविधियों और विस्तार पर विचार रखे। उन्होंने ऐसी पारदर्शी और प्रभावी शासन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया, जिसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने जन-जन, हर घर और गांव तक बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।




मुजफ्फरपुर शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने भी भाग
बैठक में IIPA की मुजफ्फरपुर शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने भी भाग लिया। इसमें शाखा के सचिव प्रो. अवधेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. धनंजय कुमार सिंह और डायट, पूसा के व्याख्याता कुमार आदित्य शामिल रहे।
मुजफ्फरपुर शाखा के सचिव प्रो. अवधेश कुमार सिंह ने ब्लॉक स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम संचालित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस पहल के लिए संस्थान से वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की।
बैठक में प्रभावी प्रशासन, पारदर्शिता और संस्थागत विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मुजफ्फरपुर शाखा की ओर से रखा गया प्रस्ताव स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।










