पूरे बिहार में ठंड का सितम शनिवार से ही जारी है। पूरा बिहार ठंड के कारण घर में दुबके रहने पर मजबूर है। वही स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए बिहार में स्कूलों की टाइमिंग में परिवर्तन किया गया है।
पूरे बिहार में लगातार पड़ रही अत्यधिक ठंड एवं न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत मुजफ्फरपुर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन का आदेश निर्गत किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी विद्यालयों में किसी भी कक्षा की शैक्षणिक गतिविधियां पूर्वाह्न 10:00 बजे से पहले तथा अपराह्न 3:30 बजे के पश्चात संचालित नहीं की जाएंगी। यह प्रतिबंध बच्चों को अत्यधिक ठंड से होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगाया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय प्रबंधन अपने-अपने संस्थानों में इस आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों का पुनः निर्धारण सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी द्वारा निर्गत यह आदेश मुजफ्फरपुर जिले में 22 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा।
हालांकि, प्री-बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए संचालित की जाने वाली विशेष कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी, ताकि छात्रों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार आगे भी उचित निर्णय लिया जाएगा।










