नई दिल्ली: उत्तर बिहार के युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मुजफ्फरपुर में नए राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (NSTI- जेनरल) की स्थापना को लेकर केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री सह मुजफ्फरपुर के सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की।
इस संबंध में डॉ. राज भूषण चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर में NSTI की स्थापना होने से केवल जिले के ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर बिहार के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को बदलती रोजगार जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिल सकती है।
AI और Automation जैसी तकनीकों पर मिलेगा प्रशिक्षण
प्रस्तावित संस्थान में Artificial Intelligence (AI), Automation, Renewable Energy और Digital Services जैसे आधुनिक क्षेत्रों से जुड़े कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। इन क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं के लिए तकनीकी उद्योग, सेवा क्षेत्र और उभरते रोजगार बाजार में अवसर के आयाम बढ़ सकते हैं।
आज उद्योगों में पारंपरिक कौशल के साथ-साथ डिजिटल तकनीक, ऑटोमेशन और नई ऊर्जा से जुड़े विशेषज्ञों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध होने से युवाओं को रोजगार के लिए देश के दूसरे राज्यों या बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत नहीं होगी।
औद्योगिकरण को भी मिलेगा बढ़ावा
मुजफ्फरपुर के बेला, मोतीपुर और कांटी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिहाज से भी इस प्रस्ताव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित तकनीकी मानव संसाधन उपलब्ध होने से नए उद्योगों और व्यवसायों को कुशल कर्मचारियों की तलाश में आसानी हो सकती है।
कुशल युवाओं की उपलब्धता से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के स्थानीय अवसर तैयार होने की उम्मीद है। इससे मुजफ्फरपुर को उत्तर बिहार में Economics city के साथ साथ कौशल और रोजगार के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है।
NSTI जैसे संस्थानों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। यदि मुजफ्फरपुर में ऐसा संस्थान स्थापित होता है, तो युवाओं को आधुनिक ट्रेड और तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का स्थानीय अवसर मिल सकेगा।AI, Automation, Renewable Energy और Digital Services जैसे क्षेत्रों में कौशल विकसित करने के साथ युवा नौकरी के अलावा स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं।
मुजफ्फरपुर में NSTI की स्थापना का प्रस्ताव ऐसे समय में सामने आया है, जब उद्योगों में तकनीकी दक्षता और डिजिटल स्किल की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में संस्थान की स्थापना उत्तर बिहार के युवाओं के कौशल विकास और स्थानीय रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।










