ट्रक ने स्कूल जा रहे बाइक सवार को रौंदा, बेटी की मौत, विरोध में सड़क जाम

नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र के भंडारी गांव के समीप बिहटा-सरमेरा हाईवे 78 पर सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की जान चली गई, वही पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के गांव और घर में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान चंदवारा गांव निवासी नित्या कुमारी, उम्र-10वर्ष, पिता नीतीश कुमार के रूप हुई जो खुद पुत्र सहित इस दुर्घटना में घायल हैं। नीतीश कुमार और पुत्र ढोलू कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है। दोनों की चिंताजनक बताई जा रही है।
परिवार वालों ने बताया कि नीतीश कुमार अपनी पुत्री नित्या और पुत्र ढोलू को लेकर मोटरसाइकिल से बिहारशरीफ स्थित स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान भंडारी मोड़ के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। मौके पर ही नित्या की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह काफी धुन्ध और घना कोहरा छाया हुआ था जिससे आस पास की चीजें भी नहीं दिख पा रही थी। और ट्रक की रफ्तार भी तेज थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने मृतका के शव के साथ सरमेरा–बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने सरकार से मुआवजे की मांग की और दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह ठप रहा।
जाम की सूचना पर रहुई थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह सड़क से जाम हटवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है । फरार ट्रक चालक की पहचान की जा रही है










