
उमेश कांत गिरी, ब्यूरो प्रभारी, घाटशिला झारखंड
घाटशिला: जादूगोड़ा क्षेत्र के लिए एक अच्छी एवं राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से बंद पड़ा जादूगोड़ा कॉलोनी गेट से रियल गेट तक साफ-सफाई का कार्य दिनांक 7 मई 2026 से शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी मुखी समाज विकास समिति को दी गई है। कार्य शुरू होते ही समिति के अंतर्गत कार्यरत मजदूरों ने पूरी मेहनत एवं जिम्मेदारी के साथ क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई शुरू कर दी है।
समिति के मजदूरों द्वारा कॉलोनी गेट से रियल गेट तक सड़क किनारे जमा कचरा, झाड़-झंखाड़, गंदगी एवं नालियों की सफाई कर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सफाई कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है तथा लोगों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की है। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह कार्य निरंतर जारी रहेगा और जादूगोड़ा क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में मदद करेगा।
मुखी समाज विकास समिति ने मजदूरों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी सफाई कर्मियों को मास्क, दस्ताना, सुरक्षा जूता एवं कार्य करने हेतु आवश्यक कपड़े उपलब्ध कराए हैं। समिति का कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा के बिना कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि साफ-सफाई का यह कार्य केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्थानीय बेरोजगार मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराना एवं क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना भी है। लंबे समय से कार्य बंद रहने के कारण मजदूरों एवं उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समिति ने आम जनता से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा आसपास गंदगी न फैलाएं।










