
RPF की छापेमारी में सवा करोड़ रुपए से ज्यादा और बेहिसाब कीमती गहनों के साथ भाड़ी मात्रा में गांजा बरामद
खड़गपुर रेल मंडल में RPF-GRP की कार्रवाई में ₹45 लाख की नकदी व कीमती सामान, संतरागाछी में 42.68 किलो संदिग्ध गांजा और खड़गपुर में ₹60.55 लाख नकद बरामद।
घाटशिला/खड़गपुर (खबर जिन्दगी): आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा जांच बढ़ाए जाने के बीच खड़गपुर रेल मंडल में अलग-अलग अभियानों के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, सोने के आभूषण और संदिग्ध गांजा बरामद किए गए हैं। 16 से 23 सितंबर 2026 के बीच हुई RPF की इन कार्रवाइयों में लगभग 1.27 करोड़ रुपए जब्त की गई है। मामलों में RPF, GRP और आयकर विभाग की कार्रवाई शामिल है।
खड़गपुर स्टेशन से नकदी और आभूषण बरामद
23 सितंबर को खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 05/06 पर RPF और GRP की संयुक्त चेकिंग के दौरान तीन बैग लेकर बैठे एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका गया। उसकी पहचान कोलकाता के बांसद्रोणी निवासी अनादि विश्वास (53) के रूप में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान बैगों से ₹31.10 लाख नकद, करीब 98.540 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 300 मिलीग्राम के तीन हीरे के टुकड़े, दो नकली सोने की चेन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से मेडिकल रिकॉर्ड, PAN कार्ड, SBI पासबुक, वाहन संबंधी दस्तावेज, खरीद-बिक्री रजिस्टर, सेल डीड और इंश्योरेंस पेपर भी मिलने की बात कही गई है।
अधिकारियों के मुताबिक बरामद नकदी और अन्य कीमती सामान का कुल अनुमानित मूल्य करीब ₹45 लाख है। संबंधित व्यक्ति द्वारा सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। मामले में GRPS खड़गपुर केस नंबर 149/26 दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।
वंदे भारत से नशे का खेप बरामद
अब तो बंदे भारत ट्रेन भी स्मगलरों के लिए सुविधाजनक साधन बन गया है। 23 तारीख को संतरागाछी रेलवे यार्ड में RPF की विशेष जांच के दौरान पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22896) के कोच C-17 से चार लावारिस बैग बरामद किए गए।
RPF के अनुसार, इनमें दो ट्रॉली बैग और दो बैकपैक थे। तलाशी में भूरे सेलो टेप में पैक किए गए 21 पैकेट मिले, जिसमें संदिग्ध गांजा बरामद किया गया है। इनका कुल वजन करीब 42.680 किलोग्राम और अनुमानित कीमत ₹21.34 लाख बताई गई है।
बैगों पर किसी व्यक्ति ने दावा नहीं किया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्ती और वीडियोग्राफी के बाद बरामद सामग्री को GRPS शालीमार को सौंप दिया गया। मामले में NDPS Act की धारा 20(B)(II)C के तहत GRPS शालीमार केस नंबर 77/2026 दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।
16 सितंबर को ₹60.55 लाख नकद बरामद
इससे पहले 16 सितंबर 2026 को ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत खड़गपुर स्टेशन के उत्तरी हिस्से में नए फुट ओवरब्रिज पर लगे बैगेज स्कैनर की जांच के दौरान ₹60,55,440 नकद बरामद किया गया था।
RPF के अनुसार, यह राशि आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी निवासी चुक्का किशोर कुमार (53) के बैग से मिली थी। नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किए जाने पर मामले की सूचना GRPS को दी गई।
इसके बाद आयकर निदेशालय, कोलकाता को सूचना भेजी गई। आयकर अधिकारी की मौजूदगी में सीलबंद बैग खोलकर करेंसी काउंटिंग मशीन से नकदी की गिनती की गई। बरामद राशि की कुल पुष्टि ₹60,55,440 के रूप में की गई। इसके बाद व्यक्ति और नकदी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया।
तीन कार्रवाइयों में लगभग 1.27 करोड़ की बरामदगी
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन तीन अलग-अलग मामलों में घोषित अनुमानित मूल्य इस प्रकार है:
खड़गपुर स्टेशन: नकदी और कीमती सामान — करीब ₹45 लाख
संतरागाछी: संदिग्ध गांजा जिसकी कीमत करीब ₹21.34 लाख बताई जा रही है
खड़गपुर स्टेशन: 60.55 लाख रुपया बरामद
इस तरह तीनों मामलों में बरामदगी का घोषित कुल मूल्य लगभग ₹1.27 करोड़ बैठता है। हालांकि, इन मामलों में बरामद वस्तुओं की अंतिम प्रकृति, स्वामित्व और वैधता का निर्धारण संबंधित जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगा।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की ओर से त्योहारों के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध सामान, नकदी तथा प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाए जाने की बात कही गई है।










