राँची जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार की देर रात गार्ड की हत्या कर दी गई है। साथ ही दानपेटी के ताले को तोड़कर उसमें रखे दान में मिले नगदी भी गायब है।

झारखंड की राजधानी रांची में देर रात एक बड़ी वारदात को अपराधियों ने अंजाम दिया है। जिले के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर के गार्ड की हत्या कर दी गई है। मृतक गार्ड की पहचान बिरसा मुंडा के रूप में हुई है। वह मंदिर में गार्ड के रूप में कार्यरत था। इस हत्याकांड से लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार की सुबह पूजा करने पहुंचे लोगों ने गार्ड का शव देखा इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना को अंजाम देने के पीछे की अपराधियों की मंशा को तलाशने के लिए पुलिस मंदिर के चप्पे चप्पे की तलाशी ले रही है। इसके साथ ही मंदिर में लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी पुलिस खंगालने में लगी हुई है।। हत्या के वजह का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने बताया कि मंदिर की दानपेटी का ताला टूटा हुआ है जिसमे रखे पैसों की भी चोरी की गई है।
पुलिस सभी मुख्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है। वैसे रांची पुलिस इसे सुरक्षा में चूक नहीं नाम रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि पूर्व से चल रहे आपसी विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का खुलासा जले ही कर दिया जाएगा।
आपको जगन्नाथ मंदिर बारे में बता दें कि इस मंदिर को पूरी के जगन्नाथ मंदिर के तर्ज पर ही बनाया गया है। जो कि एक पहाड़ी पर स्थित है। यहां हर साल भव्य रथ यात्रा का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।










