मुजफ्फरपुर पुलिस का बुधवार का कार्य जरूर काबिले तारीफ रहा है। कुल 3 अपराधी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली।
अब हर सूचना पर पुलिस मौक़ा-ए-वारदात पर पहुंचती जरूर है। ये अलग बात है कि पुलिस कभी कभार छानबीन से बचने के लिए थाना क्षेत्र की बहानेबाजी शुरू कर देती है। आज मुजफ्फरपुर में कुल 3 अपराधियों की धरपकड़ की गई है।
मोतीपुर पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि मोतीपुर थानांतर्गत माइक्रोमैक्स इथनॉल फैक्ट्री रोड के आसपास मोटरसाईकिल सवार दो अज्ञात अभियुक्त अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ लैस होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
प्राप्त सूचना के आधार पर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी 01 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें मोतीपुर थाना को भी शामिल किया गया। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाईकिल सवार अभियुक्त रामईश्वर कुमार, पे०-स्व० सुरेन्द्र सहनी, और नीरज कुमार, पे०-डो०रा राय, दोनों निवासी माधोपूर, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर को अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
दूसरी घटना औराई से जुड़ी हुई है, जहां 29 जनवरी को औराई थानांतर्गत ग्राम मुहआरा में राकेश दास, पिता स्व० राजेन्द्र दास, सा०-पटोरी, थाना-औराई को अज्ञात अभियुक्तों द्वारा मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर देने की घटना घटित हुई थी। जख्मी को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उपचार के क्रम में जख्मी राकेश दास की मौत हो गई।
इस घटना को लेकर 01 फरवरी को मृतक के चाचा द्वारा औराई थाना कांड सं०-27/26 दर्ज की गई। इस कांड की गंभीरता व संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-01 के नेतृत्व में औराई थाना के साथ एक टीम का गठन किया गया।
इस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट की घटना में संलिप्त अभियुक्त मिथु दास, पिता-शनिचर दास, सा०-मुहआरा, थाना-औराई, जिला-मुजफ्फरपुर को गिरफ्तार किया गया। जिसने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और उसके निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त लोहे का 01 खन्ती और डंडा बरामद किया गया।
तीसरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के मधौल मठ के समीप न्यू बाईपास की है। पीड़ित छात्र शिवम कुमार जो मूल रूप से गायघाट का रहने वाला है, ने बताया कि मुजफ्फरपुर में रहकर आईटीआई की पढ़ाई करता है। बुधवार को वह अपने एक दोस्त के साथ मुजफ्फरपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान मधौल के पास वे दोनों रुककर सड़क किनारे रील बनाने लगे।
पीड़ित छात्र शिवम ने बताया कि रील बनाने के दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने बाइक की चाबी मांगी। जब शिवम ने चाबी देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्र ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर दोनों छात्र डर गए, जिसके बाद अपराधी उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत तुर्की थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से एक खोखा बरामद किया है। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित छात्र द्वारा आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










