

कर वसूली के निजीकरण और 50 लाख से ऊपर की योजनाओं पर छिड़ा विवाद, कई प्रस्ताव खारिज
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं को लेकर एक बार फिर महापौर और सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के सदस्यों के बीच का टकराव खुलकर सामने आ गया है। सोमवार को हुई स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हंगामे और विवादों की भेंट चढ़ गई।
बैठक में सदस्यों के एजेंडे को शामिल न करने, टैक्स वसूली के लिए निजी एजेंसी को नियुक्त करने और 50 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं के टेंडर में हो रही देरी को लेकर जमकर बहस हुई। नतीजतन, ‘वंदे मातरम’ से जुड़े एक प्रस्ताव को छोड़कर बाकी सभी प्रमुख प्रस्तावों को कमेटी के सदस्यों ने खारिज कर दिया।
एजेंडा शामिल करने के अधिकार पर छिड़ी रार



विवाद की मुख्य जड़ बैठक के एजेंडे को लेकर रही। स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों का आरोप है कि नियमों के तहत उनके द्वारा दिए गए प्रस्तावों को बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया। पिछली बैठक का भी इसी मुद्दे पर बहिष्कार हुआ था।
इस बार जब सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताई, तो उपनगर आयुक्त ने नियमों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी एजेंडे को शामिल करना या न करना महापौर (अध्यक्ष) का एकाधिकार है। इस जवाब से नाराज सदस्यों ने महापौर द्वारा लाए गए प्रस्तावों का विरोध शुरू कर दिया।
इन प्रमुख प्रस्तावों पर फंसा पेंच:
कर संग्रह (टैक्स वसूली) का निजीकरण: निगम प्रशासन द्वारा शहर में टैक्स वसूली निजी एजेंसी द्वारा कराने का प्रस्ताव लाया गया था। हालांकि निगम में कर्मचारियों की भारी कमी है। 49 वार्डों के लिए मात्र 24-25 कर्मी ही उपलब्ध हैं, जिनमें से कई रिटायर होने के कगार पर हैं। इसपर कमेटी के सदस्यों का कहना था कि बिना ठोस व्यवस्था और तैयारी के निजी एजेंसी को टैक्स वसूली देना शहरवासियों के लिए नई मुसीबत खड़ी कर देगा।
50 लाख से ऊपर की योजनाओं का टेंडर:
विकास कार्यों को लेकर प्रोसीडिंग में हुई गड़बड़ी पर भी सदस्यों ने कड़ा ऐतराज जताया। सदस्यों के अनुसार, पूर्व की बैठकों में 50 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं पर चर्चा हुई थी, लेकिन प्रोसीडिंग में ’50 लाख के अंतर्गत आने वाली योजनाएं’ लिख दिया गया। इस तकनीकी पेंच के कारण कई वार्डों के विकास कार्य के लिए एस्टीमेट तैयार होने के बावजूद टेंडर नहीं हो पा रहे हैं। दूसरी ओर, कई वार्डों के कार्यों के टेंडर निगम की शिथिलता के कारण अब तक नहीं निकाला गया है।
‘वंदे मातरम’ प्रस्ताव को मिली हरी झंडी
भारी विरोध के बीच कमेटी ने केवल एक प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दी, जिसके तहत स्कूलों और सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत व समापन पर ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य करने पर विचार किया गया है।
खबर जिन्दगी न्यूज वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर आप जल्द ही मुजफ्फरपुर शहर के अंदर लग रहे जाम की पूरी पृष्ठभूमि से अवगत होने जा रहे हैं। इसलिए आप बने रहिए khabar Jindagi सच आपतक के साथ। जहां रिएक्शन की जगह सिर्फ खबर है। धन्यवाद



