
उमेश कांत गिरि, ब्यूरो प्रमुख. घाटशिला. झारखंड
घाटशिला: राष्ट्रीय तकनीकी महोत्सव में सोना देवी विश्वविद्यालय के छात्रों ने रोबोट प्रोजेक्ट में पहला स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। अरका जैन विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय तकनीकी महोत्सव ‘टेक्निका 6.0’ आयोजित किया गया था। जिसमें सोना देवी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की टीम ‘सॉल्यूशंस वॉरियर्स’ ने प्रथम स्थान हासिल किया था।

डिप्लोमा इंजीनियरिंग के इन विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी नवाचार और रचनात्मक सोच के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।



बाधाओं को पहचानकर रास्ता बनाता है यह रोबोट
‘टेक्निका 6.0’ में टीम ‘सॉल्यूशंस वॉरियर्स’ ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट मोबाइल रोबोट (ऑब्स्टेकल अवॉइडेंस रोबोट) का प्रदर्शन किया था। यह रोबोट अपने रास्ते में आने वाली बाधाओं को पहचानकर उनसे बचते हुए आगे बढ़ने में सक्षम है।

प्रोजेक्ट में रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और व्यावहारिक इंजीनियरिंग का बेहतर इस्तेमाल किया गया। तकनीकी अवधारणा, उपयोगिता और नवाचार से प्रभावित निर्णायक मंडल ने टीम को प्रथम स्थान प्रदान किया।
‘सॉल्यूशंस वॉरियर्स’ चार विद्यार्थियों की टीम
विजेता टीम में डिप्लोमा इन मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थी अमन रवि दास, शुभोदीप रॉय, गणेश मर्दी और विवेक कुमार पांडे शामिल थे। टीम ने इंजीनियरिंग विभाग की विभागाध्यक्ष पूजा तिवारी के मार्गदर्शन में इस प्रोजेक्ट को तैयार किया और राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की।

कुलसचिव ने विद्यार्थियों की मेहनत को सराहा
सम्मान समारोह में विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने विजयी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और सीखने के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता, नवाचार और व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी हैं।
विद्यार्थियों की सफलता संस्थान की असली उपलब्धि
कुलपति प्रोफेसर डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक उपलब्धि होती है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर मिलें।
शिक्षकों के मार्गदर्शन और एकजुटता का परिणाम
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने टीम की मार्गदर्शक एवं विभागाध्यक्ष पूजा तिवारी के योगदान की भी सराहना की। प्रबंधन के अनुसार, यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
तकनीकी शिक्षा और नवाचार पर जोर
सोना देवी विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए तकनीकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान और कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित कर रहा है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जिनसे वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कर सकें।
राष्ट्रीय तकनीकी महोत्सव में प्रथम स्थान और उसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में मिला सम्मान विजेता विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा है। साथ ही यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी नवाचार, तकनीकी प्रयोग और बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देती है।



