परियोजना के तहत उच्च गुणवत्ता वाले विद्युत तार, स्विच और अन्य उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी
Muzaffarpur: शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गरीब नाथ धाम में नगर निगम द्वारा नई विद्युत व्यवस्था के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर निर्मला साहू एवं उपमहापौर मोनालिसा ने पूजा-अर्चना कर परियोजना की शुरुआत की।
कार्यक्रम में मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस मौके पर स्थानीय पार्षद के.पी. पप्पू, उपनगर आयुक्त, सिटी मैनेजर तथा विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि धाम परिसर में बेहतर और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली विद्युत सामग्री का उपयोग किया जाएगा। इसके तहत फिलिप्स कंपनी के ओरिजिनल तारों के साथ उत्कृष्ट गुणवत्ता के स्विच एवं अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। पूजा-अर्चना के बाद विद्युत सामग्री की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया।
नगर निगम के अनुसार इस परियोजना का उद्देश्य बाबा गरीब नाथ धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक, सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक आयोजनों के दौरान विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।
शहर के इतने बड़े धार्मिक स्थल की अब तक सुध क्यों नहीं ली गई। स्थल के नजदीक की स्थितियों को ही देखकर लगता है कि कितनी नारकीय स्थिति है। न पेयजल की सुविधा है और न ही विद्युत वितरण की सही व्यवस्था है। अब जबकि सावन का पवित्र महीना नजदीक आ रहा है इस बीच इस काम का आरम्भ होना मंदिर परिसर की व्यवस्था को और छिन्नभिन्न कर सकता है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। नई विद्युत व्यवस्था से बाबा गरीब नाथ धाम आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।









