हर बच्चा बनेगा स्कूल का हिस्सा, अभिभावकों ने मानी यह बात
बच्चों की पढ़ाई का हाल जानने को अधिकांश स्कूल में माताओं की दिखी अधिकांश संख्या
हर बच्चा अब स्कूल का हिस्सा बनेगा। शिक्षकों के यह कहने पर अभिभावकों ने भी बात मानी और वादा किया कि हर दिन समय पर बच्चो को स्कूल भेजेंगे। शनिवार को एक साथ राज्य के 70 हजार सरकारी स्कूलों में अभिभावक शिक्षक बैठक आयोजित की गई। पहली बार प्राइमरी, मिडिल के साथ हाइस्कूलों के भी बच्चों के अभिभावक शामिल हुए।

इस बार “हर बच्चा होगा स्कूल का हिस्सा और निपुण बनेगा बिहार हमारा” की थीम पर यह आयोजित किया गया था। यह संगोष्ठी अभिभावकों को विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयास और शिक्षा के अंदर नए प्रयासों से अवगत कराना था। इस PTM में बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों के साथ स्कूल पहुंचे।
बिहार सरकार पिछले कुछ सालों से इस तरह का आयोजन कर रही है। इस साल पहली बार यह आयोजन हाई स्कूल और +2 के विद्यालयों में आयोजित किया गया। इस PTM मेंअभिभावकों को उनके बच्चे की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों को इस बात के लिए प्रेरित किया गया कि बच्चे को हर दिन स्कूल भेजें। घर के अंदर और आसपास में ऐसा माहौल बनाएं जिससे वो पढ़ाई की तरफ ध्यान दे सकें। शिक्षा के स्तर की तुलना दूसरे बच्चों से न करें और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करें। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर भी अभिभावकों के साथ चर्चा किया गया।
इस तरह की संगोष्ठी हर बच्चा होगा स्कूल का हिस्सा के तहत सरकार का यही उद्देश्य है की सभी बच्चे स्कूल से जुड़े रहें जिससे किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित न हो। साथ ही विद्यार्थियों की सीखने की प्रगति, भाषा एवं गणित में बच्चों की स्थिति के बारे में अभिभावकों को जानकारी देना रहा। इसमें अभिभावकों से फीडबैक भी लिया गया।










