सोना देवी विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Advertisements
ad

उमेश कांत गिरी, ब्यूरो प्रमुख. घाटशिला. झारखंड.

घाटशिला/खबर जिन्दगी: सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के स्वामी विवेकानंद सभागार में बुधवार को विश्विद्यालय के प्रहरी सेल के नेतृत्व में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें शिक्षा, खेल, स्किल्स और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश देना था।

कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने किया। उन्होंने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं को नशे से दूर रखने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। डॉ. झा ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, कौशल, सेवा और रचनात्मक कार्यों में लगाकर सकारात्मक भूमिका निभा सकते हैं।

संगीत और नाट्य प्रस्तुति द्वारा जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले गणित विभाग के विभागाध्यक्ष श्री कृष्णेंदु दत्ता ने संगीत के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश प्रस्तुत किया। इसके बाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नाट्य प्रस्तुति के जरिए नशे के संभावित सामाजिक और व्यक्तिगत प्रभावों को सामने रखा। नाट्य प्रस्तुति में स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों को रेखांकित किया गया।
विद्यार्थियों से लक्ष्य पर ध्यान देने की अपील

नशे के कुरीति पर वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के सहायक अध्यापक श्री कुंदन कुमार ने कहा कि युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों से सही संगति चुनने, नशे से दूरी बनाए रखने और अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

सहायक कुलसचिव श्रीमती अर्चना सिंह ने कहा कि नशामुक्ति की शुरुआत व्यक्ति स्वयं से कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, आत्मसंयम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।

शिक्षा के साथ संस्कार और स्वस्थ जीवन पर जोर

कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, शोध, खेल, नवाचार और समाज सेवा में लगाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने नशामुक्त परिसर के निर्माण में विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

युवा समाज राष्ट्र की ऊर्जा और शक्ति: कुलपति

कुलपति प्रोफेसर डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने युवाओं को समाज और राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूरी बनाए रखने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

समाज को नशा से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी: कुलाधिपति

कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल किसी एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और समाज की सामूहिक भूमिका आवश्यक है। युवा अपनी पहचान नशे के बजाय ज्ञान, प्रतिभा, मेहनत, संस्कार और अपने लक्ष्यों से बनाएं।

उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। श्री सिंह ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने “नशा छोड़िए, जीवन जोड़िए” के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

प्रहरी सेल द्वारा जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में प्रहरी सेल की पतत्रि माली ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग के लिए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, कुलपति, कुलसचिव, पदाधिकारियों, संकाय अध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति का संदेश, जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय अध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नशे के खिलाफ विद्यार्थियों की नाट्य प्रस्तुतियों को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में नशामुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और युवा शक्ति को रचनात्मक दिशा देने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Advertisements