
बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका जा चुका है। 6 नवंबर को पहले चरण का चुनाव है। इसके लिए सारी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजामात किए गए हैं। सुरक्षा बलों की एक बड़ी टुकड़ी बिहार के स्कूलों में कैंप किए हुए हैं।
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में चुनाव को लेकर एसएसबी जवान भी कांटी थाना इलाके में राधिका देवी स्कूल में तैनात किए हुए हैं जहां शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एसएसबी जवान की मौत हो गई। मृतक कांस्टेबल मुकेश कुमार गुज्जर था। राधिका देवी गर्ल्स हाईस्कूल के पास एसएसबी ठहरे हुए थे। कांस्टेबल मुकेश कुमार गुज्जर मेस में वासरमैन पद पर कार्यरत था।
शुक्रवार की शाम 6 बजे के करीब लाइट कटीं थी। इसी दौरान अन्य एक जवान ने जेनरेटर स्टार्ट किया। लाइट ज्यों ही आई तो जवानों ने मुकेश कुमार गुज्जर को गिरा देखा। इसके बाद पूरे कैंप में हलचल तेज हो गयी। एसएसबी जवान उसे कांटी पीएचसी लें गए। जहां के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद आक्सीजन के सहारे एंबुलेंस से एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।










