किसानों की समस्याओं को लेकर ब्रह्मर्षि विकास संगठन ने विधायक रंजन कुमार से की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकार तक मुद्दे पहुंचाने और किसानों को खेती में लाभ दिलाने का मिला आश्वासन


मुजफ्फरपुर: किसानों की बढ़ती समस्याओं और खेती की बदहाल स्थिति को लेकर ब्रह्मर्षि विकास संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के अध्यक्ष नर्मदेश्वर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में स्थानीय विधायक रंजन कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की प्रमुख समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
संगठन के महासचिव सुनील कुमार ने बताया कि फसल की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। कई बार लागत तक नहीं निकलने के कारण किसान खेती छोड़कर रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। इससे गांवों में केवल बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे रह जाते हैं, जिससे सामाजिक और आर्थिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। कई बार खाद और बीज सरकारी दर से अधिक कीमत पर खरीदने पड़ते हैं तथा कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आती हैं। वहीं बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई की लागत बढ़ जाती है, जिससे खेती करना लगातार घाटे का सौदा बनता जा रहा है।
विधायक रंजन कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं से वे भली-भांति अवगत हैं। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को पहले ही कृषि मंत्री के समक्ष उठाया जा चुका है। साथ ही ब्रह्मर्षि विकास संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार के समक्ष किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल हो सके।
मुलाकात के दौरान संगठन के अध्यक्ष नर्मदेश्वर प्रसाद सिंह, महासचिव सुनील कुमार, रत्नेश कुमार उर्फ बबलू मिश्र, राजेश्वर तिवारी, मुकेश ठाकुर, राजीव कुमार, सुनील कुमार उर्फ चुन्नू, अजय कुमार चौधरी, आमोद ठाकुर, संतोष चौधरी, रामप्रवेश सिंह, बबलू कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

Sandeepak Kumar
Author: Sandeepak Kumar

संदीपक कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव। ई टीवी से कैरियर की शुरुआत की। महुआ, कशिश न्यूज़,न्यूज 29 जैसे चैनल में बतौर पैनल प्रोड्यूसर और पीसीआर हेड के तौर पर काम किया। रायपुर आईबीसी 24, चंडीगढ़ न्यूज 18 में सीनियर प्रोड्यूसर कार्यरत रहे। कंटेंट डिजायनर के साथ ही स्क्रिप्ट राइटिंग, पैनलिंग और डिजिटल में कार्य का भी अनुभव रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें