छठे दिन भी छात्र आंदोलन जारी , “सद्बुद्धि यज्ञ” से प्रशासन को चेतावनी
मुजफ्फरपुर के लंगट सिंह महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन 6 दिनों से लगातार जारी है। गुरुवार 19 मार्च को छात्रों ने अपने अधिकारों को लेकर “सद्बुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया।

लंगट सिंह कॉलेज (LS College) में आंदोलनरत छात्रों ने विरोध दर्ज कराने के लिए गुरुवार को एक अनोखा एवं सांस्कृतिक तरीका अपनाते हुए “सद्बुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया। हिन्दू नव वर्ष के शुभारंभ एवं चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री की आराधना के पावन अवसर पर आयोजित इस यज्ञ के माध्यम से छात्रों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि प्राप्त हो, ताकि वे छात्रों की न्यायोचित मांगों को समझते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लें।
आंदोलनरत छात्रों ने बताया कि पूर्व में हुए भूख हड़ताल के दौरान लिखित रूप से उनकी मांगों को स्वीकार किया जा चुका था। इसके बावजूद अब तक छात्रावास नहीं खोला गया है और न ही पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला जैसी आवश्यक सुविधाओं को बहाल किया गया है। इस निरंतर उपेक्षा के कारण छात्रों में असंतोष की परिणति आंदोलन के स्वरूप में दिख रहा है।

अभाविप कार्यकर्ता अनमोल ने कहा कि यह “सद्बुद्धि यज्ञ” हमारी आस्था के साथ-साथ हमारे संघर्ष का प्रतीक है। हम चाहते हैं कि प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को समझे और जल्द से जल्द हमारी मांगों को पूरा करे।”
वहीं अभाविप कार्यकर्ता सुशांत सिंह ने कहा कि “यह यज्ञ एक बड़े छात्र आंदोलन का शंखनाद है। यदि शीघ्र ही हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप धारण करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।”

कॉलेज के छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कॉलेज प्रशासन एवं विश्वविद्यालय प्रशासन जब तक उनकी मांगों को बहाल नहीं किया करेगा, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह संघर्ष केवल वर्तमान छात्रों के लिए नहीं, बल्कि आने वाले विद्यार्थियों के अधिकारों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए भी है। इस “सद्बुद्धि यज्ञ” के मौके पर आशुतोष, अमन, अनोलम चंद्र, अनमोल ठाकुर, राहुल, रौशन, नितिन, प्रिंस के साथ दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










