मुजफ्फरपुर: पुलिस अब अपराधियों के सामने लाचार होती दिख रही है। शहर में अपराधियों का बोलबाला इस कदर बढ़ता जा रहा है कि अब ये दिनदहाड़े बारदात करने से भी नहीं हिचक रहे। अपराधियों ने शाम के धुंधलके में शहर के बीचोबीच चाकुबाजी की घटना को अंजाम दिया है जिसमें एक व्यापारी घायल हो गया है।

मुजफ्फरपुर में शहर के बीचोबीच धर्मशाला चौक के नजदीक अपराधियों ने एक घटना को अंजाम दिया है, जिसमें एक व्यापारी घायल हो गया है। घायल का नाम गौरव है जिनकी तिलक मैदान रोड में सेंट्रल इलेक्ट्रिक के नाम से दुकान है।
घटना के बारे में जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार शहर के खबरा के रहने वाले गौरव अपने स्टाफ के साथ दुकान बंद कर घर जा रहे होते हैं। इसी बीच पहले से घात लगाये अपराधियों ने उनके ऊपर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने बीचबचाव किया। अपराधी भीड़ का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे। वहां उपस्थित लोगों ने एक ऑटो रिक्शा से घायल गौरव को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यहां एक बात बता दें कि बारदात की जगह से मात्र 100 मीटर की दूरी पर नगर थाना है लेकिन पुलिस की गश्ति न के बराबर है। शाम होते ही इस जगह पर अंधेरा छा जाता है कहीं कोई स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। यह घटना मोतीझील फ्लाईओवर से उतरते ही मुजफ्फरपुर स्टेशन जाने वाले रास्ते में हुई है।










