दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, ‘शिवम् सुंदरम्’ पत्रिका और मोबाइल एप का भी लोकार्पण
मुजफ्फरपुर 2 अगस्त: बाबा गरीबनाथ धाम श्रावणी मेला–2026 का रविवार को डीएन हाई स्कूल परिसर में श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री-सह-जिला प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित मेला अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा प्रकाशित “शिवम् सुंदरम्” पत्रिका का विमोचन किया गया। साथ ही “श्रावणी मेला–2026” मोबाइल एप का शुभारंभ भी किया गया। यह एप श्रद्धालुओं को मेला से जुड़ी आवश्यक जानकारी, प्रशासनिक सुविधाएं, महत्वपूर्ण संपर्क, मार्गदर्शन और अन्य उपयोगी सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा।

समारोह को संबोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद तथा पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सावन माह की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्य अतिथि डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान भोलेनाथ की आराधना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक जीवन का संदेश देती है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और सर्वधर्म समभाव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया तथा प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के सांसद और केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी भी कार्यक्रम में समय पर उपस्थित हुए। लेकिन तब तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं था। कार्यक्रम का समय 3 बजे निर्धारित किया गया था। कुछ देर रुकने के बाद सांसद कार्यक्रम स्थल से निकल गए।

कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समापन अवसर पर उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, कलाकारों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। यहां आपको बताते चलें कि कार्यक्रम का निर्धारित समय 3 बजे का था, लेकिन कतिपय कारणवश कार्यक्रम की शुरुआत शाम साढ़े 4 बजे से प्रारंभ हुआ।

उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ पर आधारित भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम तक श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। इस कार्यक्रम में गोपाल फ़लक द्वारा सफलतापूर्वक संचालन ने चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला साहू ने कहा कि श्रावणी मेला हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बाबा गरीबनाथ से सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।









